वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित; पत्रकारों को मिला सम्मान

Anoop

November 21, 2026

1857 के संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई की वीरता को नमन; पवन सिंह चौहान व शैलेन्द्र दुबे ने रखे विचार

 पत्रकारों को मिला ‘महारानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार’, बच्चों की नाटिका ने मोहा मन

लखनऊ: अखिल भारत नागरिक परिषद् के तत्वावधान में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में ऑल इंडिया पावर इंजीनियर्स फेडरेशन के चेयरमैन शैलेन्द्र दुबे उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पवन सिंह चौहान ने कहा कि भारत के क्रांतिकारी इतिहास में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का नाम एक ऐसी क्रांतिज्वाला के रूप में दर्ज है, जिसने ब्रिटिश साम्राज्यवाद की नींव हिला दी थी। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सेनापति ह्यू रोज ने भी उनकी वीरता की सराहना करते हुए उन्हें विद्रोहियों में सबसे बहादुर और श्रेष्ठ सेनापति बताया था। यह सम्मान रानी लक्ष्मीबाई को न केवल महिला क्रांतिकारियों में, बल्कि समस्त स्वतंत्रता सेनानियों में सर्वोच्च स्थान पर स्थापित करता है। चौहान ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई का जीवन और उनकी वीरगाथाएं आज भी लोकगीतों व जनमानस में जीवंत हैं और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम व साहस की प्रेरणा देती रहेंगी।

मुख्य वक्ता शैलेन्द्र दुबे ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास वीरांगना लक्ष्मीबाई की अमर गाथा के बिना अधूरा है। वीर सावरकर के शब्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 1857 में मातृभूमि के हृदय में प्रज्वलित ज्योति आगे चलकर ज्वालामुखी के विस्फोट में बदली और पूरे देश में स्वतंत्रता संघर्ष की ज्वाला फैल गई। उन्होंने कहा कि 18 जून 1858 को बाबा गंगादास की कुटिया के पास जली महारानी लक्ष्मीबाई की चिता की ज्वाला इस स्वतंत्रता संग्राम की सबसे तेजस्वी ज्वाला थी।

दुबे ने आगे कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई के नेतृत्व में लड़ा गया 1857 का स्वतंत्रता संग्राम विश्व इतिहास की महान, असाधारण और परिवर्तनकारी घटनाओं में से एक था। इस संघर्ष ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद और उपनिवेशवाद की चूलें हिला दीं तथा यूरोप के अनेक देशों में भी नई राजनीतिक चेतना और परिवर्तन की प्रेरणा जगाई। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति की सबसे महान नायिकाओं में महारानी लक्ष्मीबाई का स्थान सर्वोपरि है और उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान व राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है।

इस अवसर पर अखिल भारत नागरिक परिषद् के अध्यक्ष सुधीर कुमार वर्मा, संरक्षक हरिशरण मिश्र, महामंत्री रीना त्रिपाठी और उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे तथा युवाओं से महारानी लक्ष्मीबाई के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को ‘महारानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों ने ‘खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी’ की भावभूमि पर आधारित आकर्षक नाटिका प्रस्तुत की, जिसकी उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

संगोष्ठी में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और युवाओं ने भाग लिया। प्रमुख रूप से जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के प्रतिनिधि नागेश, स्थानीय पार्षद कमलेश सिंह, सर्वजनहिताय संरक्षण समिति के संयोजक एच एन पांडे, सचिवालय के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी प्रकाश चन्द्र मिश्र, अजय तिवारी, परिषद के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष गीता वर्मा, महामंत्री निशा सिंह, अनिल सिंह, अर्चना शुक्ल, अंशु श्रीवास्तव, दीपाली श्रीवास्तव, उषा त्रिपाठी, अनीशा सिंह, अरुण, प्रीती, सपना मिश्र और सरोजबाला सोनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *