बालक वर्ग में सभी लीग मैच जीत बीकेटी इंटर कॉलेज रहा शीर्ष पर, बालिका वर्ग के फाइनल में सेंट जेवियर्स को 14 अंकों से हराया
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में संपन्न हुई प्रतियोगिता, मुख्य अतिथि कीर्ति वर्मा और यूजीन पाल ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
लखनऊ: केडी सिंह बाबू स्टेडियम में लखनऊ जिला खो-खो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में बक्शी का तालाब (बीकेटी) इंटर कॉलेज ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर दोहरा कब्जा जमाया। बीकेटी इंटर कॉलेज की टीमों ने बालक और बालिका दोनों ही वर्गों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की।
बालक वर्ग के मुकाबलों में बीकेटी इंटर कॉलेज ने अपने सभी लीग मैचों में जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। इस वर्ग में सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज दूसरे, सेंट्रल एकेडमी तीसरे और सेठ एमआर जयपुरिया इंटर कॉलेज चौथे स्थान पर रहे।
वहीं, बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में बीकेटी इंटर कॉलेज ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज को 14 अंकों के बड़े अंतर से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में बीकेटी इंटर कॉलेज और सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी।
प्रतियोगिता के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में बप्पा श्री नारायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य कीर्ति वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के महासचिव यूजीन पाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

