त्योहारों पर बकाया वसूली के नाम पर कनेक्शन काटने और अनावश्यक कटौती पर रोक, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश
उपभोक्ताओं को नवंबर के बिजली बिल में मिलेगी 9.70% की राहत, नवसृजित नगर पंचायतों में भी 24 घंटे आपूर्ति के आदेश
लखनऊ: दिवाली और छठ पर्व के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के निवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए योगी सरकार ने कमर कस ली है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए इस दौरान किसी भी प्रकार का अनावश्यक शटडाउन या बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के समय बकाया वसूली का बहाना बनाकर किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काटकर उसे परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि बड़े और संगठित बिजली चोरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन सामान्य व छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से तंग न किया जाए। इसके अतिरिक्त, ‘झटपट पोर्टल’ पर नए बिजली कनेक्शन के लिए लंबित पड़े आवेदनों का जल्द से जल्द निस्तारण करने और निरस्त आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था सुधारने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि त्योहारों पर बढ़ने वाले अतिरिक्त लोड से आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नियमित रूप से बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों की वजह से ट्रिपिंग या कटौती का सामना न करना पड़े। नवसृजित नगर पंचायतों में भी जिला मुख्यालयों की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण बिजली देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, ऊर्जा मंत्री ने प्रदेशवासियों को नवंबर महीने के बिजली बिलों में मिलने वाली 9.70 प्रतिशत की राहत पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि घरेलू और व्यावसायिक सहित सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इस छूट का लाभ मिलेगा। इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद और यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

