प्रयागराज में महाशय मसुरियादीन की भव्य प्रतिमा का अनावरण, चौराहे और संस्था का नामकरण करने के निर्देश
स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक न्याय के संवाहकों को सम्मान, सरकार की ऐतिहासिक विरासत सहेजने की प्रतिबद्धता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद प्रयागराज में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान सभा के सदस्य महाशय मसुरियादीन जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महापुरुषों का सम्मान करना, उनके इतिहास को संरक्षित रखना और भावी पीढ़ियों को उनके संघर्ष से परिचित कराना सरकार की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जिस चौराहे पर महाशय मसुरियादीन जी की प्रतिमा स्थापित की गई है, उस चौराहे का नामकरण उनके नाम पर करने के लिए प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही, प्रयागराज में किसी एक उपयुक्त और प्रतिष्ठित संस्था का नाम भी उनके नाम पर रखा जाएगा और उस संस्था में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके राष्ट्रभक्ति और सामाजिक योगदान से प्रेरणा ले सकें।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि महाशय मसुरियादीन जी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 09 वर्ष जेल में बिताए और कठिन परिस्थितियों में रहते हुए आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाया। वे यू0पी0 विधानसभा के सदस्य रहने के साथ-साथ वर्ष 1952 से 1971 के बीच 04 बार संसद के लिए भी निर्वाचित हुए। उनका स्वतंत्रता संग्राम में योगदान ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र भारत के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान था।
कार्यक्रम में महाराजा बिजली पासी, मक्का पासी, वीरांगना ऊदा देवी और महाशय मसुरियादीन जी जैसे महापुरुषों के समाज तथा राष्ट्र के प्रति योगदान को याद किया गया। मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में महाराजा बिजली पासी के किले के विकास और प्रतिमा स्थापना का कार्य शुरू हुआ था, जिसे वर्तमान सरकार आगे बढ़ा रही है। इसके अलावा, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर महिला पी0ए0सी0 बटालियन भी स्थापित की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीबों के कल्याण और महापुरुषों के सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी सहित महाशय मसुरियादीन जी की पुत्री कमला कुमारी, पौत्र सचिन कुमार और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

