केडी सिंह बाबू स्टेडियम में प्रतियोगिता का हुआ आगाज, पहले दिन खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
अंडर-16 वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में एथलीटों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक
लखनऊ। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम के मुख्य मैदान पर गुरुवार को दो दिवसीय जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाते हुए पदक अपने नाम किए। अंडर-16 वर्ग में अभय प्रताप सिंह, एनिमा झोरा, रौनक पाल, वैष्णवी शर्मा, शिवा यादव और अनुष्का शर्मा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ पूर्व आरटीओ अजय कुमार त्रिपाठी और उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. आनंदेश्वर पाण्डेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने सभी एथलीटों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव बीआर वरुण ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को किया जाएगा, जिसमें विजयी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। उद्घाटन अवसर पर हरीश पाल सिंह, कामता सिंह, हलीमुद्दीन और प्रभाशंकर समेत संघ के कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
600 मीटर दौड़ (अंडर-16 बालक वर्ग) में कैंट आर्मी के अभय प्रताप सिंह ने स्वर्ण, एलपीएस एंड सी के अमन कुमार सिंह ने रजत और कैंट आर्मी के प्रांशु पटेल ने कांस्य पदक जीता। वहीं, बालिका वर्ग की इसी स्पर्धा में जनता इंटर कॉलेज की एनिमा झोरा ने स्वर्ण, एमवीआरए बाजार की अंजलि रावत ने रजत और एलपीसी की एंजेल सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
80 मीटर बाधा दौड़ (अंडर-16 बालक वर्ग) में एलपीएस के रौनक पाल ने स्वर्ण, न्यू होम के अनन्य पाल ने रजत और एलपीएस के हर्ष कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। इसी स्पर्धा के बालिका वर्ग में एलपीसी की वैष्णवी शर्मा ने स्वर्ण, एलपीसी की शिमालिया परवीन ने रजत और एलपीएस की ऋचा यादव ने कांस्य पदक जीता।

शॉटपुट (अंडर-16 बालक वर्ग) में एसवीपी के शिवा यादव ने स्वर्ण, एसवीपी के मो. आरिश ने रजत और एलपीएस के यश प्रताप सिंह ने कांस्य पदक प्राप्त किया। बालिका वर्ग के शॉटपुट में एलपीएस की अनुष्का शर्मा ने स्वर्ण, एलपीएस की भावी पटेल ने रजत और एलपीएस की अदिति यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा, लॉन्ग जंप (अंडर-16 बालक वर्ग) में जीजीएस के गौरव यादव ने स्वर्ण, एलपीसी के अमन कुमार सिंह ने रजत और डीपीएस के लकी ने कांस्य पदक हासिल किया।

