लखनऊ विश्वविद्यालय पुरुष क्रिकेट टीम के लिए ट्रायल आज से अलीगंज में; रायबरेली, हरदोई समेत कई जिलों के 350 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

Anoop

September 29, 2026

लखनऊ विश्वविद्यालय की पुरुष क्रिकेट टीम का चयन ट्रायल 29 और 30 सितंबर को अलीगंज के एलडीए ग्राउंड में सुबह 8 बजे से आयोजित हो रहा है

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय और मोहम्मद उबैद कमाल समेत दिग्गजों की मौजूदगी में 350 से अधिक खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में आगामी सत्र 2026-27 के लिए पुरुष क्रिकेट टीम के गठन की कवायद शुरू हो गई है। लखनऊ विश्वविद्यालय एथलेटिक एसोसिएशन (LUAA) के तत्वावधान में 29 और 30 सितंबर 2026 को अलीगंज स्थित एलडीए ग्राउंड में दो दिवसीय चयन परीक्षण (सेलेक्शन ट्रायल) आयोजित किया जा रहा है। दोनों दिन सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले इस ट्रायल में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग, विकेटकीपिंग और फिटनेस का कड़ा इम्तिहान लिया जाएगा।

चयन प्रक्रिया की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के संबोधन के साथ हुई। उन्होंने कहा कि इस ट्रायल का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, खेल की समझ, अनुशासन और फिटनेस का सही आकलन कर एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करना है, जो आगामी अंतरविश्वविद्यालयीय प्रतियोगिताओं में लखनऊ विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर सके।

एसोसिएशन के महासचिव प्रो. अजय कुमार आर्य ने बताया कि चयन परीक्षण को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह है। विश्वविद्यालय परिसर के अलावा संबद्ध कॉलेजों और रायबरेली, हरदोई, सीतापुर तथा लखीमपुर जैसे पड़ोसी जिलों से लगभग 350 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं।

इस चयन प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि खिलाड़ियों का हुनर परखने के लिए दिग्गजों की फौज मैदान में उतरी है। पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मोहम्मद उबैद कमाल और ज्ञानेंद्र पांडेय के साथ-साथ पूर्व रणजी खिलाड़ी अरुण शर्मा, मोहम्मद जावेद अनवर और क्रिकेट कोच राहुल गुप्ता की अनुभवी देखरेख में पारदर्शी तरीके से खिलाड़ियों को चुना जा रहा है। LUAA ने सभी प्रतिभागियों से निर्धारित समय पर पूरी किट और आवश्यक दस्तावेजों के साथ एलडीए ग्राउंड पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *