गाजियाबाद के खोड़ा में एक महीने से किराए के मकान में छिपकर एक साथ रह रही थीं नोएडा से लापता दो युवतियां
परिजनों द्वारा पकड़े जाने पर युवतियों ने साफ कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करती हैं और अब अलग नहीं रह सकतीं
गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नोएडा के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र स्थित एक कंपनी से लगभग एक महीने से लापता दो बालिग युवतियां गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक किराए के मकान में साथ रहती पाई गईं। परिजनों द्वारा ढूंढ निकाले जाने पर दोनों युवतियों ने साफ कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करती हैं और अब अलग नहीं रह सकतीं।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का रहने वाला एक युवक ग्रेटर नोएडा की एक कॉलोनी में अपनी पत्नी के साथ रहता था। दोनों ईकोटेक क्षेत्र की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे, जहां उसकी पत्नी की दोस्ती साथ काम करने वाली एक अन्य युवती से हो गई। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी होती गई, जिसके बाद युवक और उसकी पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा। 12 अगस्त को कहासुनी के बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई। तलाश के बावजूद सुराग न मिलने पर युवक ने ईकोटेक थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच, दूसरी युवती का भाई भी अपनी बहन को खोजते हुए कंपनी पहुंचा, जहां पता चला कि दोनों युवतियां एक ही दिन यानी 12 अगस्त से लापता हैं।
इसके बाद दोनों परिवारों ने मिलकर इंस्टाग्राम और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए लोकेशन ट्रैकिंग कर तलाश शुरू की। सोशल मीडिया से मिले सुराग के आधार पर रविवार को परिजन खोड़ा स्थित उस किराए के कमरे तक पहुंच गए, जहां दोनों युवतियां एक साथ रह रही थीं। जब परिजनों ने उन्हें अलग करने और घर ले जाने का प्रयास किया, तो दोनों युवतियों ने जिद पकड़ ली और कहा कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकतीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को थाने ले आई। थाने में भी युवतियों और परिजनों के बीच काफी देर तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा। मामले में एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों युवतियां बालिग हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत प्राप्त होने पर कानून के अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

