यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग जल्द शुरू करने की योजना
लखनऊ समेत विभिन्न जिलों में निर्वाचन अधिकारियों को पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच यानी फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) जल्द ही शुरू की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन अधिकारियों को तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी क्रम में लखनऊ के सुल्तानपुर रोड स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी (रूपाम) में जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चली इस कार्यशाला में लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या और देवीपाटन मंडल के 33 जिलों के निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए। इससे पहले गौतमबुद्ध नगर और वाराणसी में भी 21-21 जिलों के अधिकारियों को एफएलसी से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
कार्यशाला में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की मौजूदगी में अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें चेकिंग के प्रत्येक चरण से अवगत कराया जाएगा, ताकि चुनाव प्रक्रिया पर सभी का विश्वास बना रहे।

