राज्य सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को दिया बड़ा तोहफा, मानदेय में की 7 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी
सीएमयोगी ने लॉन्च की ‘यूपीकोस’ की वेबसाइट, 50 लाख तक के बीमा कवर समेत दिए कई लाभ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में 7 हजार रुपये तक की वृद्धि की है। बुधवार को लोकभवन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकोस) की आधिकारिक वेबसाइट और लोगो (Logo) का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारियों को मानदेय वृद्धि के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कर्मचारियों के सामाजिक और वित्तीय सुरक्षा के दायरे को बढ़ाते हुए सरकार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। नई व्यवस्था के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों को 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर, आकस्मिक चिकित्सा सहायता के लिए 5 लाख रुपये और आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस की सुविधा के लिए 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
‘यूपीकोस’ के गठन के बाद अब प्रदेश के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों का एक एकीकृत (सेंट्रलाइज्ड) डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। अब तक कर्मचारियों से संबंधित जानकारी अलग-अलग विभागों और ठेका एजेंसियों के पास बिखरी रहती थी, लेकिन अब इसे एक एकल ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया गया है।
इस नए पोर्टल पर कर्मचारियों की भर्ती, पदस्थापना (तैनाती), दैनिक उपस्थिति और मासिक भुगतान से जुड़ा पूरा ब्योरा डिजिटल रूप से दर्ज रहेगा। इस पारदर्शी व्यवस्था से न केवल यह स्पष्ट रहेगा कि किस विभाग में कितने कर्मचारी कार्यरत हैं, बल्कि विभिन्न निजी एजेंसियों के माध्यम से होने वाली वित्तीय और प्रशासनिक गड़बड़ियों पर भी पूरी तरह से लगाम लगेगी।

