भारतीय अंडर-19 टीम में उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज अयान अकरम का चयन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मल्टी-डे मैचों में दिखाएंगे दम

Anoop

August 27, 2026

भारतीय अंडर-19 टीम में उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज अयान अकरम का चयन, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मल्टी-डे मैचों में दिखाएंगे दम

2025-26 सत्र में 37 विकेट लेने वाले सहारनपुर के अयान अकरम आगामी सितंबर-अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राजकोट और अहमदाबाद में होने वाले मुकाबलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे

कानपुर। उत्तर प्रदेश के उभरते मध्यम तेज गेंदबाज और वर्तमान यूपी अंडर-19 टीम के कप्तान अयान अकरम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ आगामी मल्टी-डे मैचों के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा घोषित टीम में चयनित अयान मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं।

अयान अकरम ने अपनी तेज और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर 2025-26 सत्र के भारतीय अंडर-19 क्रिकेट में सर्वाधिक 37 विकेट चटकाए। कूच बिहार अंडर-19 ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश को नॉकआउट चरण तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रही, जहां उन्होंने चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और आसाम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा, नवंबर 2025 में आयोजित अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में भी वह उत्तर प्रदेश से चयनित होने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में पहला और 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में दूसरा मल्टी-डे मुकाबला खेला जाएगा। अयान के इस चयन पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, सीईओ अंकित चटर्जी और मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *