यहियागंज व्यापार मंडल ने श्री सिद्धनाथ मंदिर के सामने 12 रबीउल अव्वल के जुलूस का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया
लखनऊ। यहियागंज व्यापार मंडल द्वारा श्री सिद्धनाथ मंदिर के सामने 12 रबीउल अव्वल के अवसर पर निकाले गए जुलूस का गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर यहियागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, संसदीय महामंत्री प्रशांत गर्ग तथा युवा अध्यक्ष कुश मिश्र ने हजरत मौलाना अब्दुल अजीम फारुकी, अब्दुल बारी फारुकी, महमूद मदनी, यासिर फारुकी, अरशद मदनी एवं रावे हसनी नदवी के साथ इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व ईदगाह के शाही इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली का माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। इसके साथ ही जुलूस में शामिल अकीदतमंदों को व्यापार मंडल की ओर से बिस्किट, फ्रूटी एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा, “लखनऊ की असली पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे से है। यहियागंज बाजार में सदैव सभी धर्मों और वर्गों के व्यापारी सौहार्द के साथ मिल-जुलकर व्यापार करते हैं तथा एक-दूसरे के सुख-दुख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं। होली, दीपावली, ईद या बकरीद—सभी प्रमुख त्योहारों पर व्यापारी भाई एक-दूसरे के पर्व का सम्मान करते हैं। इसी आपसी विश्वास का नतीजा है कि लगभग 3 किलोमीटर में फैला यहियागंज बाजार आज भी एक माला में पिरोए मोतियों की तरह एकजुट है। धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत और प्रेम हम सभी को जोड़ता है।”
युवा अध्यक्ष कुश मिश्र ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, “आज के युवाओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश फैलाना है। धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन देश और इंसानियत के प्रति हमारी भावना एक है। हमारा प्रयास है कि लखनऊ की यह तहजीब आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मिसाल बनी रहे।”
वहीं संसदीय महामंत्री प्रशांत गर्ग ने कहा, “12 रबीउल अव्वल के जुलूस का स्वागत कर व्यापार मंडल ने सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया है। सभी धर्मों के पर्वों का सम्मान करना हमारी साझा संस्कृति का हिस्सा है। समाज में नफरत और भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”
इस अवसर पर अमरनाथ मिश्र, कुश मिश्र, प्रशांत गर्ग, कामरान, आमिर बाबू सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे।

