मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ पर गोमती नगर के शहीद स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की
उन्होंने महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा उनके परिजनों को सम्मानित किया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं पावन तिथि के अवसर पर गोमती नगर स्थित काकोरी शहीद स्मारक में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने काकोरी ट्रेन एक्शन के महान नायकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने वंदे मातरम और काकोरी के शहीदों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका का विमोचन किया, चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 09 अगस्त 1925 को पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खाँ, चंद्रशेखर आजाद और राजेंद्र प्रसाद लाहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश हुकूमत को खुली चुनौती दी थी। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि आजादी के बाद सत्ता संभालने वालों ने क्रांतिकारियों के योगदान को भुलाने और काकोरी की घटना को ‘डकैती’ कहकर क्रांतिकारियों को अपमानित करने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने आजादी के नायकों को वास्तविक सम्मान दिया है। अब काकोरी की घटना को ‘काकोरी ट्रेन एक्शन’ का नाम देकर, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के पंच तीर्थ, वीर सावरकर और अन्य शहीदों के स्मारकों का जीर्णोद्धार कर उनके नाम पर डाक टिकट जारी किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जनता और युवाओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ी स्मृतियों को एकत्र करें और स्मारकों का सौंदर्यकरण करें। उन्होंने कहा कि “विकसित व आत्मनिर्भर भारत” की परिकल्पना तभी साकार होगी जब हर नागरिक के मन में “राष्ट्र सर्वोपरि” का भाव होगा। आगामी 15 अगस्त को लेकर उन्होंने सभी से ‘हर घर तिरंगा’ फहराने और संस्थाओं में वंदे मातरम का गान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और अमर बलिदानियों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारतेंदु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने देशभक्ति पर आधारित नाटक की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।

