यूपी टी-20 लीग सीजन-4: गवर्निंग काउंसिल चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री से की मुलाकात, लीग का दिया आमंत्रण

Anoop

August 10, 2026

यूपी टी-20 लीग के बहुप्रतीक्षित सीजन-4 के आगाज से पहले तैयारियों और औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है

गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लीग में शामिल होने का दिया निमंत्रण

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग के बहुप्रतीक्षित सीजन-4 के आगाज से पहले तैयारियों और औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से औपचारिक मुलाकात कर उन्हें लीग में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

सोमवार को डॉ. संजय कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से भेंट कर सीजन-4 के आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। इससे पूर्व, रविवार को उन्होंने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात कर लीग की रूपरेखा प्रस्तुत की और उन्हें आमंत्रित किया।

मुलाकात के बाद डॉ. संजय कपूर ने बताया कि दोनों नेताओं के साथ प्रदेश में क्रिकेट के विकास और प्रतिभाओं को मंच देने पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सीजन भी युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलकर नया सीखने का शानदार अवसर प्रदान करेगा।

14 अगस्त से शुरू होगा क्रिकेट का रोमांच

यूपी टी-20 लीग के सीजन-4 का भव्य आगाज 14 अगस्त 2026 को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

  • पहला चरण (लखनऊ): इकाना स्टेडियम में लीग के शुरुआती 22 मुकाबले खेले जाएंगे।
  • दूसरा चरण व फाइनल (कानपुर): प्लेऑफ और खिताबी मुकाबले समेत कुल 12 मैच कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित होंगे।
  • फाइनल मुकाबला: 6 सितंबर 2026 को कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *