आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रताप नगर (नंदगवा रोड) में प्रेम विवाह से नाराज पिता ने की निर्ममता
जैतपुर में एक पिता ने अपनी 22 वर्षीय बेटी की रस्सी और दुपट्टे से गला घोंटकर निर्मम हत्या की
आगरा। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रताप नगर (नंदगवा रोड) में प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने अपनी 22 वर्षीय बेटी की रस्सी और दुपट्टे से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात करीब 01:00 बजे की है। मृतका की पहचान अंकिता शर्मा के रूप में हुई है, जो सोमवार तड़के रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा देने आगरा जाने वाली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता विमल शर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना के बाद से उसकी पत्नी और बेटा फरार हैं।
मूलरूप से शिकोहाबाद के सहसपुर गांव निवासी विमल शर्मा पिछले 15 वर्षों से किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, अंकिता ने गत फरवरी माह में अपने सहपाठी और आईटीबीपी जवान अमित उर्फ अनिल (निवासी नहटौली) से कोर्ट मैरिज की थी। इस अंतरजातीय/प्रेम विवाह को लेकर परिवार के लोग अत्यधिक आक्रोशित थे।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी, लाइट बंद कर भागने की कोशिश रविवार आधी रात को अंकिता के कमरे से अचानक चीखने-चिल्लाने की खौफनाक आवाजें आने पर पड़ोसी अनुज कुमार व अन्य लोग एकत्र हो गए। पड़ोसियों द्वारा बार-बार दरवाजा खटखटाने पर आरोपी ने घर की लाइटें बंद कर दीं और छत के रास्ते भागने की कोशिश की। अनहोनी की आशंका जताते हुए पड़ोसियों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
कमरे में बिखरा था खून, टूटी मिली चारपाई सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया, तो कमरे का दृश्य भयावह था। अंकिता अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसके मुंह से लेकर गर्दन तक खून लगा हुआ था। उसके गले में रस्सी, ब्लाउज और दुपट्टे का फंदा कसा हुआ था। संघर्ष के कारण कमरे में चूड़ियां बिखरी हुई थीं और लोहे की चारपाई टूटी पड़ी थी। पुलिस तत्काल उसे सीएचसी जैतपुर ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साजिश के तहत की गई हत्या स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार ने अंकिता की हत्या की योजना पहले ही बना ली थी। इसके लिए हाल ही में घर की भैंस और भूसा तक बेच दिया गया था तथा उसकी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही थी।
पुलिस कार्रवाई मामले में पड़ोसी अनुज की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी विमल शर्मा ने बेटी के प्रेम विवाह से आहत होकर हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। हत्याकांड में मृतका की मां और भाई की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है तथा उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

