संस्कृति स्कूल ऑडिटोरियम में हुआ कला, संगीत और नृत्य का दिखा संगम
ग्रैविटी इवेंट्स एंड डांस स्टूडियो का ‘समर फ्लाइट-5 स्टूडेंट्स शोकेस’ कार्यक्रम
लखनऊ। राजधानी के संस्कृति स्कूल ऑडिटोरियम में रविवार को कला, संगीत और नृत्य का एक बेहद खूबसूरत संगम देखने को मिला। मौका था ग्रैविटी इवेंट्स एंड डांस स्टूडियो की ओर से आयोजित ‘समर फ्लाइट-5 स्टूडेंट्स शोकेस’ का, जहां बच्चों ने अपनी शानदार और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम तालियों की गूंज से सराबोर रहा और हर परफॉर्मेंस को दर्शकों की खूब वाहवाही मिली।
विविध नृत्य शैलियों का शानदार संगम
पिछले 25 वर्षों से नृत्य के माध्यम से भारतीय कला और संस्कृति को बढ़ावा दे रहे ग्रैविटी इवेंट्स एंड डांस स्टूडियो ने इस मंच के जरिए एक बार फिर युवा प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का सुनहरा अवसर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर इंडियन क्लासिकल, बॉलीवुड और सेमी-क्लासिकल, कंटेम्पररी और हिप-हॉप, जैज़ और बैले का शानदार संगम दिखा। जैसी विभिन्न नृत्य शैलियों की बेहद आकर्षक और भव्य झलक देखने को मिली। रंग-बिरंगी वेशभूषा, सटीक कोरियोग्राफी और बेहतरीन मंच सज्जा ने इस आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
मार्गदर्शन और टीमवर्क की दिखी अनूठी मिसाल
इस भव्य आयोजन का नेतृत्व संस्था के संस्थापक लक्ष्मी मेहरोत्रा और सचिन मेहरोत्रा ने किया। उनके कुशल मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस शोकेस में विद्यार्थियों ने अद्भुत आत्मविश्वास, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। मंच पर किड्स, टीन्स और लेडीज़ बैच के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। वहीं वेन्यू पार्टनर ‘ला जोई प्राइमरी लर्निंग हैबिटेट’ और ‘संस्कृति स्कूल’ के छात्रों ने भी अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

इन-हाउस और गेस्ट इंस्ट्रक्टर्स का रहा सराहनीय योगदान
शोकेस को इस ऊँचाई तक पहुँचाने और सफल बनाने में इन-हाउस इंस्ट्रक्टर्स अमन, ओम, भूमि और विवेक ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही गेस्ट इंस्ट्रक्टर्स सनी, आरव, आकाश, रवि, सोना, सचिन और मनीष ने अपने अनुभव से कार्यक्रम में चार चांद लगाए। मास्टर इंस्ट्रक्टर मोहित सोलंकी, और क्यूरेटेड इंस्ट्रक्टर्स शुभम व भानवी का योगदान भी सराहनीय रहा।
कार्यक्रम की शाम का सबसे बड़ा और खास आकर्षण पावर-पैक्ड ‘इंस्ट्रक्टर शोकेस’ रहा, जिसने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। आयोजन के अंत में संस्कृति स्कूल के प्रिंसिपल अभिषेक श्रीवास्तव और ला जोई प्राइमरी लर्निंग हैबिटेट की डायरेक्टर आक्शी जे. मेहता के प्रति उनके विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

