फिरोजाबाद आरव हत्याकांड: कत्ल से पहले आधे घंटे तक फोन पर बात करता रहा कातिल, कोर्ट ने 14 दिन की रिमांड पर भेजा

Anoop

June 1, 2026

फिरोजाबाद में हुए डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या के मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस पूछताछ में आरव की मां रती शर्मा ने बताया वारदात के दिन आरोपी विराज शिकोहाबाद में घर आया था

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हुए डेढ़ साल के मासूम आरव की हत्या के मामले में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरव की मां रती शर्मा ने बताया कि वारदात वाले दिन शनिवार को आरोपी विराज शिकोहाबाद में उनके घर आया था। वहां उसने किसी से बात नहीं की, सिर्फ पानी पिया और बाहर चला गया। इसके बाद वह करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक घर के बाहर किसी से फोन पर बात करता रहा।

जैसे ही रती ने आरव को सुलाने के लिए आवाज लगाई, बाहर खड़ा विराज तुरंत अंदर आया और आरव को ‘टॉफी दिलाने’ के बहाने अपने साथ बाहर ले गया। इसके बाद उसने घर से महज 50 मीटर दूर सुनसान सड़क पर मासूम को बेरहमी से आठ बार पटक-पटककर मार डाला। सीसीटीवी में कैद हुई इस खौफनाक वारदात के बाद शातिर आरोपी ने बच्चे के शव को घर के मुख्य दरवाजे पर छोड़ दिया और रती को फोन कर झूठ बोला कि आरव को चोट लग गई है, और वहां से फरार हो गया।

शादी से इनकार करने पर रची हत्या की साजिश

रती शर्मा ने पुलिस को बताया कि आरोपी विराज (जो रिश्ते में उसके पति का फुफेरा भाई है) पिछले तीन महीने से लगातार उसके पीछे पड़ा हुआ था। करीब एक महीने पहले उसने रती के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा था और कहा था कि वह आरव को भी अपने साथ रखेगा। लेकिन रती ने दूसरी शादी करने से साफ मना कर दिया था। इसी इनकार से बौखलाकर विराज ने इस खौफनाक कत्ल की साजिश रची।

अपनों की बेरुखी: न जन्म पर आए, न अंतिम संस्कार में पहुंचे पिता

रविवार दोपहर बाद मासूम आरव का उसके ननिहाल (अरांव के ग्राम बामई) में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान वहां मौजूद हर आंख नम थी। बिलखती मां रती को इस बात का सबसे गहरा दुख था कि उसका पति सुमित कुमार और बदायूं निवासी अन्य ससुराल वाले बच्चे का आखिरी बार मुंह तक देखने नहीं आए।

रती ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि फरवरी 2024 में शादी के तुरंत बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। जब वह गर्भवती थी, तब भी उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह अपने मायके आ गई थी। नवंबर 2024 में जब आरव का जन्म हुआ, तब भी उसके पति या ससुराल का कोई सदस्य बच्चे को देखने नहीं आया था। पति से अनबन के कारण ही रती पिछले पांच महीने से अपने मायके में रह रही थी।

आरोपी विराज की 14 दिन की रिमांड मंजूर, अस्पताल में भर्ती

मासूम की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक को रविवार को रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत (रिमांड) में जेल भेजने का आदेश दिया। शनिवार रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी थी, जिसके घाव काफी गहरे हैं। इस वजह से उसे फिलहाल जिला अस्पताल फिरोजाबाद में भारी सुरक्षा के बीच भर्ती रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, सोमवार को उसके पैरों का एक्सरे कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि उसका इलाज यहीं चलेगा या उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ेगा। पूरी तरह ठीक होने के बाद ही उसे जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *