रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पार्थ, हमजा और अनुराग बने मैन ऑफ द मैच
प्रधानाचार्या पूजा सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित, बढ़ाया उत्साह
लखनऊ: 22वीं कर्नल एस.एन. मिश्रा ओबीई मेमोरियल बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत पूल-सी में कुल छह रोमांचक मैच खेले गए। पहले मुकाबले में बीएसएनवी कॉलेज टीम ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 24 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नल एसएन मिश्रा टीम बी ने 4.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 2 विकेट से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में एपीएस स्कूल तेलीबाग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। कर्नल एसएन मिश्रा टीम बी ने 6 ओवर में 3 विकेट पर 24 रन बनाए, जिसके जवाब में एपीएस स्कूल तेलीबाग की पूरी टीम 5.5 ओवर में 21 रन पर सिमट गई और कर्नल एसएन मिश्रा टीम बी ने यह मुकाबला 3 रन से जीत लिया।
तीसरे मैच में बीएसएनवी कॉलेज टीम ए ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। एपीएस स्कूल तेलीबाग ने 6 ओवर में 3 विकेट खोकर 37 रन बनाए, जबकि बीएसएनवी कॉलेज टीम ए निर्धारित 6 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 24 रन ही बना सकी। एपीएस स्कूल तेलीबाग ने 13 रन से मैच अपने नाम किया। चौथे मैच में इंट्रगल इंटरनेशनल स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की और कर्नल एसएन मिश्रा टीम बी को 5.4 ओवर में 27 रन पर समेट दिया। जवाब में इंट्रगल इंटरनेशनल स्कूल ने महज 2.3 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 3 विकेट से जीत दर्ज की।
पांचवें मुकाबले में एपीएस स्कूल तेलीबाग ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 2 विकेट पर 31 रन बनाए। इंट्रगल इंटरनेशनल स्कूल ने 5.1 ओवर में 2 विकेट खोकर यह लक्ष्य पूरा किया और 3 विकेट से मैच जीत लिया। छठे और अंतिम मैच में इंट्रगल इंटरनेशनल स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बीएसएनवी कॉलेज टीम ए ने 6 ओवर में 2 विकेट खोकर 32 रन बनाए, जिसके जवाब में इंट्रगल इंटरनेशनल स्कूल ने 4.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 4 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इन नतीजों के साथ पूल-सी से कर्नल एसएन मिश्रा टीम बी और इंट्रगल इंटरनेशनल स्कूल की टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
दूसरे दिन के मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए पार्थ पाण्डे (द मिलेनियम स्कूल, साउथ सिटी), मोहम्मद हमजा (द मिलेनियम स्कूल, साउथ सिटी) और अनुराग (एंक्राइट पीएस एकेडमी स्कूल, बिजनौर) को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रधानाचार्या पूजा सिंह ने सभी मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और दर्शक मौजूद रहे, जिनके उत्साह और खिलाड़ियों के जोश ने टूर्नामेंट को खास बना दिया।

