शिवरतनगंज में दो बाइकों की भिड़ंत में नागेश और यशराज की मौत, रमाशंकर का इलाज जारी
पीपरपुर क्षेत्र में बाइक से गिरकर पूनम सिंह की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
अमेठी: जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अहोरवा भवानी कस्बे में मंगलवार रात करीब 10 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अहोरवा भवानी की तरफ से आ रही एक राइडर बाइक और इन्हौना की दिशा से आ रही पैशन प्लस बाइक के बीच हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और लहूलुहान हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिंहपुर पहुंचाया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने इन्हौना थाना क्षेत्र के शहादतगंज मजरे डांगी बरवलिया निवासी नागेश (20) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अकबरपुर फर्सी निवासी यशराज (18) और शिवरतनगंज के गोधना मजरे दान्दूपुर निवासी रमाशंकर (28) की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान यशराज ने भी दम तोड़ दिया, जबकि रमाशंकर का अस्पताल में उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के वक्त तीनों में से किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। मामले में क्षेत्राधिकारी दिनेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
इसी क्रम में, जनपद के पीपरपुर थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में एक महिला की मौत गई। अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर स्थित पीपरपुर बाजार के पास चलती बाइक से असंतुलित होकर गिरने से धम्मौर निवासी पूनम सिंह (48) गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पीपरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

