सीएम योगी का जन्मदिन आज: पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत दिग्गज नेताओं ने दी बधाई, दीर्घायु की कामना की

Prashant

June 5, 2026

तमाम बड़े नेताओं और दिग्गजों ने सीएम योगी को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर सुबह से ही बधाई संदेशों का तांता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर आज देश भर के तमाम बड़े नेताओं और दिग्गजों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर सुबह से ही बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और बसपा सुप्रीमो मायावती समेत कई नेताओं ने उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की है.

यूपी की प्रगति के लिए सीएम योगी का काम उल्लेखनीय: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की. पीएम मोदी ने लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं. राज्य की प्रगति के लिए उनके काम उल्लेखनीय हैं. उन्होंने हमेशा लोगों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया है. मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं.”

सुशासन और जनकल्याण के नए मापदंड: अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने शुभकामना संदेश में उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल की तारीफ की. उन्होंने लिखा, “सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन और जनकल्याण के नए मापदंड स्थापित कर रही है. ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं.” वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की.

यूपी प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर: राजनाथ सिंह

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ को ‘लोकप्रिय एवं कर्मठ’ मुख्यमंत्री बताते हुए लिखा, “उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं. उनके दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश प्रगति और समृद्धि के पथ पर तेज गति से अग्रसर है. ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा और शक्ति प्रदान करें.”

हेमा मालिनी और रवि किशन ने भी दी बधाई

भाजपा सांसद और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी अपनी शुभकामनाएं साझा कीं. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मथुरा के सांसद के तौर पर, अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के बारे में उनसे बातचीत करना हमेशा सुखद रहता है. वे मेरी जरूरतों को समझते हैं क्योंकि मथुरा के लिए हमारा विजन एक जैसा है. ईश्वर उन्हें लंबी और स्वस्थ आयु प्रदान करें.” इसके साथ ही भाजपा सांसद रवि किशन ने भी सीएम योगी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.

बसपा सुप्रीमो मायावती ने दीं शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर बधाई एवं उनके स्वस्थ जीवन व दीर्घायु होने की शुभकामनाएं.” इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के अन्य मुख्यमंत्रियों ने भी सीएम योगी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं भेजी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *