सिद्धार्थनगर को ₹311 करोड़ की सौगात: सीएम योगी ने 107 परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

Anoop

August 10, 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा बुद्ध की पावन धरा सिद्धार्थनगर में

₹311 करोड़ की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

लखनऊ/सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महात्मा बुद्ध की पावन धरा सिद्धार्थनगर में ₹311 करोड़ की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें डुमरियागंज और बांसी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी ₹127 करोड़ की 46 लोकार्पण तथा ₹184 करोड़ की 61 शिलान्यास परियोजनाएं शामिल हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चाभियाँ, प्रमाण-पत्र और स्वीकृत पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विगत 09 वर्षों में किए गए प्रयासों के चलते सिद्धार्थनगर देश के 112 आकांक्षी जनपदों में अग्रणी छलांग लगाने वाला जिला बना है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इसे नीति आयोग से ₹25 करोड़ का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।

जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बने युवा’ सीएम योगी ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। बीते 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं और एक मजबूत ‘स्टार्टअप इकोसिस्टम’ तैयार हुआ है। अब देश का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन चुका है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार जल्द ही एक नई ‘युवा नीति’ लागू करने जा रही है। साथ ही, मेधावी छात्राओं के लिए ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ भी शीघ्र शुरू की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हर जिले में ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग’ की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है।

बुद्ध की विरासत और काला नमक चावल को बढ़ावा सिद्धार्थनगर की सांस्कृतिक और कृषि पहचान को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) के तहत ‘काला नमक चावल’ को वैश्विक पहचान मिली है। इसके लिए जिले में एक कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर (CFC) स्वीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त, कपिलवस्तु में भगवान बुद्ध पर आधारित थीम पार्क और विपश्यना केंद्र के निर्माण के लिए भी धनराशि जारी की गई है।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को गति देने के लिए गोरखपुर से सिद्धार्थनगर होते हुए शामली तक 6-लेन (8-लेन तक विस्तार योग्य) इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय सड़कों की मरम्मत के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की, जिसमें बांसी से मिठुवन मार्ग हेतु ₹28 करोड़ तथा बरड़िया से बढ़नी-चापा मार्ग हेतु ₹24.58 करोड़ की राशि शामिल है।

सुरक्षा और सुशासन से बदला माहौल’ वर्ष 2017 से पूर्व की स्थिति की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और माफिया राज से ग्रस्त था, लेकिन बीते 09 वर्षों में राज्य में एक भी दंगा नहीं हुआ है। जापानी इन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है और स्वास्थ्य सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *