शिक्षकों की कमी से आक्रोशित सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने लखनऊ के पारा में सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
450 विद्यार्थियों पर मात्र 7 शिक्षक होने से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने माँग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी
लखनऊ। राजधानी के पारा क्षेत्र में स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में शिक्षकों की घोर कमी से आक्रोशित विद्यार्थियों ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के समीप बड़ी संख्या में छात्रों के एकत्रित होकर जाम लगाने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
शिक्षकों की किल्लत से आक्रोशित छात्रों का कहना है कि विद्यालय में वर्तमान में लगभग 450 विद्यार्थी नामांकित हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए केवल 7 शिक्षक ही तैनात हैं। अध्यापकों की इस भारी कमी के कारण उनका पठन-पाठन पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है। छात्रों की माँग है कि विद्यालय में जल्द से जल्द पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जाए।
मार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पारा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारी छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराने और सड़क से हटाकर यातायात को पुनः सुचारु कराने के प्रयास में जुटे रहे। दूसरी ओर, विद्यार्थियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक विद्यालय में नए शिक्षकों की तैनाती नहीं हो जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

