मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 अगस्त को लखनऊ स्थित इकाना स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का औपचारिक शुभारंभ करेंगे
उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन की संगीतमय प्रस्तुति के साथ-साथ आकर्षक लेजर व ड्रोन शो दर्शकों का मुख्य आकर्षण रहेंगे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश टी-20 क्रिकेट लीग के चौथे संस्करण का बिगुल बज चुका है। लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने सभी टीमों के कप्तानों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उन्हें इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
इस अवसर पर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार, मेरठ मावेरिक्स के रिंकू सिंह, काशी रुद्रास के उपेंद्र यादव, कानपुर सुपरस्टार्स के समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के माधव कौशिक और गोरखपुर लायंस के आर्यन जुयाल उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
उद्घाटन समारोह में ये होंगे मुख्य आकर्षण 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में कई आकर्षण देखने को मिलेंगे। बतौर अतिथि: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि तथा बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विख्यात पार्श्व गायक शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलास अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। स्टेडियम के ऊपर शानदार लेजर लाइट शो और भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद पहला मुकाबला गत विजेता काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच खेला जाएगा।

