विकास की नई ‘भाग्य रेखा’: प्रधानमंत्री ने किया दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण, यूपी के कई जिलों को मिलेगी रफ्तार

Prashant

April 15, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर

12,000 करोड़ रुपये की लागत का दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखण्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर नागरिकों को सौंपा

लखनऊ/सहारनपुर | प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर देश को 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखण्ड इकोनॉमिक कॉरिडोर की बड़ी सौगात दी। देहरादून से वर्चुअल माध्यम से इस प्रोजेक्ट का लोकार्पण करते हुए प्रधानमंत्री ने इसे ‘विकसित भारत’ की समृद्धि की गारंटी बताया।

इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने सहारनपुर में नवनिर्मित वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण किया और माँ डाट काली मंदिर में शीश नवाकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉरिडोर के लाभों को रेखांकित करते हुए बताया कि सहारनपुर से दिल्ली की दूरी, जो पहले 5-6 घंटे में तय होती थी, अब मात्र 2.5 घंटे में पूरी होगी। यह कॉरिडोर शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत के किसानों के उत्पादों, सहारनपुर की प्रसिद्ध काष्ठ कला (Wood Carving) और स्थानीय गुड़ की मिठास को वैश्विक बाजारों तक पहुँचाने का सेतु बनेगा। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर, मेरठ और बागपत में इंडस्ट्रियल और हाउसिंग क्लस्टर तैयार करने के निर्देश दिए हैं, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

प्रगति, प्रकृति और संस्कृति का संगम

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह कॉरिडोर त्रिवेणी’ के मूल्यों पर आधारित है आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से तेज और सस्ता आवागमन। हाथियों और अन्य वन्यजीवों की सुविधा के लिए 12 किमी लंबा एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है। विरासत का संरक्षण करते हुए माँ शाकुम्भरी देवी कॉरिडोर और विकास कार्यों को जोड़ा गया है।

सामाजिक न्याय और बाबा साहब का सम्मान

डॉ. आंबेडकर की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने तय किया है कि जहाँ भी बाबा साहब या अन्य सामाजिक न्याय के महापुरुषों की मूर्तियाँ स्थापित हैं, यदि वहाँ बाउंड्रीवॉल या ऊपर छत्र (शेड) नहीं है, तो सरकार धनराशि उपलब्ध कराकर इनका निर्माण कराएगी।

महिला शक्ति और सैन्य कल्याण पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान दो महत्वपूर्ण भविष्यगामी कदमों की चर्चा की। जिसमें वर्ष 2029 के लोकसभा और आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करने की दिशा में 16 अप्रैल से संसद में विशेष चर्चा होगी। हेल्थ स्कीम के बजट में 36% की वृद्धि और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग सैनिकों के लिए दवाओं की डोर-स्टेप होम डिलीवरी’ शुरू की गई है।

कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कुल लागत लगभग ₹12,000 करोड़ की लागत से बना यह एक्सप्रेसवे दिल्ली से सहारनपुर की दूरी मात्र 2.5 घंटे में समेट देगा। इसकी सबसे बड़ी विशेषता 12 किमी लंबा वाइल्ड लाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर है, जो गाजियाबाद, बागपत और शामली जैसे जिलों को रफ़्तार के साथ-साथ आधुनिक कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *