मेजर जनरल मनीष कुमार ने रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली का लिया जायज़ा, व्यवस्थाओं की समीक्षा
दलालों से सावधान रहने की हिदायत, सेना ने निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता
रुड़की: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के रिक्रूटिंग ज़ोन के अपर महानिदेशक (ADG) मेजर जनरल मनीष कुमार (YSM, SM) ने 14 और 15 अक्टूबर को रुड़की स्थित बंगाल इंजीनियर ग्रुप (BEG) एंड सेंटर के पैवेलियन ग्राउंड में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली का बारीकी से निरीक्षण किया।
05 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली यह विशाल भर्ती रैली उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के लिए भारतीय सेना में करियर बनाने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान कर रही है। 15 अक्टूबर को आयोजित इस विशेष चरण में चमोली जिले के उन योग्य उम्मीदवारों ने भाग लिया जिन्होंने इस वर्ष की शुरुआत में आयोजित कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफलता प्राप्त की थी।
दौरे के दौरान मेजर जनरल मनीष कुमार ने फिजिकल फिटनेस टेस्ट, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और डिजिटल डॉक्यूमेंट चेक करने की प्रक्रिया का जायज़ा लिया। उन्होंने रैली में उमड़ी युवाओं की भारी भीड़, उनके जोश और देश सेवा के जज्बे की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
दलालों से सावधान रहने की हिदायत
ADG ने स्पष्ट शब्दों में दोहराया कि भारतीय सेना पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित चयन प्रक्रिया के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि वे किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं और न ही किसी को पैसे दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पूरी भर्ती प्रणाली पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित है, जिसे कोई भी व्यक्ति प्रभावित नहीं कर सकता।
सफलतापूर्वक चल रहे इस आयोजन के लिए उन्होंने आयोजन टीम के समर्पण की सराहना की। इसके अलावा, उन्होंने BEG एंड सेंटर के कमांडेंट, सिविल प्रशासन के अधिकारियों तथा चिकित्सा व शिक्षा विभाग के कर्मियों के साथ बैठक कर आपसी तालमेल और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि नागरिक और सैन्य प्रशासन के बेहतरीन तालमेल से हजारों युवाओं के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत सुगम और सुरक्षित बन सकी है।


