पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि: सीएम योगी ने विधान भवन में दी श्रद्धांजलि, कृषि व राजस्व सुधारों को किया याद

Anoop

May 29, 2026

कृषि और राजस्व क्षेत्र में बड़े रिफॉर्म का श्रेय चौधरी साहब को: मुख्यमंत्री

‘सरकारों की प्राथमिकता और एजेंडे के केंद्र में हों किसान’

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने विधान भवन परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया और उन्हें भारत मां का महान सपूत तथा किसानों का मसीहा बताया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 23 दिसंबर 1902 को उत्तर प्रदेश की धरती पर जन्मे चौधरी चरण सिंह देश के स्वाधीनता आंदोलन के प्रमुख स्तंभ थे। देश में कृषि और राजस्व के क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार (रिफॉर्म्स) करने का पूरा श्रेय उन्हें ही जाता है। उनका स्पष्ट मत था कि भारत के विकास का असली रास्ता गांवों, खेतों और खलिहानों से होकर ही गुजरता है।

सीएम योगी ने कहा कि किसान हमेशा देश के विकास एजेंडे और सरकार की प्राथमिकताओं का मुख्य हिस्सा होने चाहिए। शासन की सभी योजनाएं किसानों की जरूरतों और हितों को ध्यान में रखकर ही बनाई जानी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि चौधरी साहब द्वारा राष्ट्रहित में किए गए इन अभूतपूर्व कार्यों और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ही उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया है।

स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए लखनऊ में बन रहा सीड पार्क

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश सरकार चौधरी चरण सिंह की यादों और उनके विचारों को जीवंत बनाए रखने के लिए किसान कल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रम चला रही है। इसी दिशा में लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जो कृषि क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

इस गरिमामयी अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, अमरेश कुमार, विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान और उमेश द्विवेदी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *