आगरा के सिकंदरा स्थित रेणुका धाम में हुए सनसनीखेज पति हत्याकांड मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी शर्मा के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है
घरेलू कलह और विवाद से तंग आकर रूबी ने 18 मई को अपने पति सुरेंद्र शर्मा की खीर में जहरीली या नींद की गोलियां मिलाकर हत्या कर दी थी
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित सिकंदरा के रेणुका धाम में हुए सनसनीखेज पति हत्याकांड मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी शर्मा के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर ली है। घरेलू कलह और विवाद से तंग आकर रूबी ने 18 मई को अपने पति सुरेंद्र शर्मा की खीर में जहरीली/नींद की गोलियां मिलाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने बड़ी बेदर्दी से शव को घर के ही बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से मिट्टी डालकर मिस्त्री से पक्का फर्श बनवा दिया। हैरान कर देने वाली बात यह है कि हत्या के बाद लगभग 45 दिनों तक आरोपी महिला रोजाना उसी दफनाए गए शव के ऊपर नहाती रही और जब पड़ोसी या रिश्तेदार पति के बारे में पूछते, तो वह उनके सामने रोने-बिलखने का नाटक करती थी।
यह खौफनाक वारदात 3 जुलाई को तब उजागर हुई, जब मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा की सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस ने घर के बाथरूम की खुदाई करवाई। खुदाई के दौरान पुलिस को अंदर से केवल कंकाल बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त मौके पर मिले कड़े और रुद्राक्ष की माला से की गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला बार-बार अपने बयान बदलती रही। उसने कभी नींद की गोलियां देने तो कभी पति द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने और घबराहट में शव दफनाने का दावा किया। पुलिस को इस वारदात में किसी अन्य मददगार के भी शामिल होने का संदेह है।
मामले की विवेचना कर रहे अधिकारियों ने फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ-साथ मृतक की मां, भाई और दोनों मासूम बेटियों (15 और 9 वर्ष) के बयानों को चार्जशीट का मुख्य आधार बनाया है। बेटियों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना के दिन उनकी मां ने उन्हें और दादी को घर के बाहर निकालकर बाहर से ताला लगा दिया था और बाद में ताऊ के घर भेज दिया। जब वे कुछ दिनों बाद वापस लौटीं, तो बाथरूम का फर्श पहले से दो-तीन फीट ऊंचा बना हुआ मिला।

डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार, बरामद कंकाल की आधिकारिक पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है, जिसके लिए अदालत से अनुमति मिल गई है और कंकाल का मिलान मृतक की मां के डीएनए से कराया जाएगा। पुलिस जल्द ही इस बहुचर्चित और रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड की चार्जशीट अदालत में दाखिल करने जा रही है।

