फतेहपुर जिले के नासिरपीर मोहल्ले में शिक्षिका शालिनी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा
पत्नी के चरित्र पर शक व अवैध संबंधों की आशंका से पति था घिरा, आरोपी शिक्षक पति गिरफ्तार भेजा जेल
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के नासिरपीर मोहल्ले में शिक्षिका शालिनी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी शिक्षक पति दिलीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। डेढ़ वर्ष से पत्नी के चरित्र पर शक और अवैध संबंधों की आशंका से घिरे पति ने षड्यंत्र रचकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने 8 अगस्त की सुबह बर्तन धो रही पत्नी पर कुकर के ढक्कन से महज चार सेकंड में पीछे से तीन ताबड़तोड़ वार कर उसे बेहोश कर दिया, जिसके बाद उसे पानी से भरे टब में करीब दो मिनट तक डुबोकर मार डाला।
वारदात को हादसा दिखाने के लिए कातिल पति ने खून के धब्बे साफ किए, कुकर के ढक्कन को धोकर किचन में रख दिया और टब का पानी बहा दिया। इसके बाद वह खुद मोटरसाइकिल से मॉर्निंग वॉक का नाटक करने निकल गया। लौटकर उसने भाइयों को शालिनी के गिरकर चोटिल होने की झूठी कहानी सुनाई और उसे अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा और खुद को मधुमेह पीड़ित बताकर बेगुनाह साबित करने के लिए पुलिस हिरासत में फंदा लगाने का नाटक भी रचा। हालांकि, जब पुलिस ने उसके छह परिजनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की, तो 96 घंटे बाद उसका सब्र टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे डर था कि कहीं पत्नी किसी प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या न करा दे, इसलिए उसने छह महीने पहले से ही उसे रास्ते से हटाने की योजना बना रखी थी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के टुकड़े, टब और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। राधानगर थाने में मृतका के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में उसके भाइयों की भूमिका की भी जांच जारी है।

