क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ में अब आधार संशोधन और अपडेशन की सुविधा परिसर के भीतर ही मिलेगी
इस नई व्यवस्था से रोजाना दर्जनों आवेदकों को पासपोर्ट प्रक्रिया में आधार के लिए बाहर चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
लखनऊ। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ में अब पासपोर्ट आवेदकों को आधार से जुड़ी समस्याओं के लिए अलग से चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पासपोर्ट आवेदन के दौरान आधार विवरण—जैसे नाम, जन्मतिथि या पते में गड़बड़ी होने पर आवेदकों का काम अब पासपोर्ट कार्यालय परिसर के भीतर ही तुरंत हो जाएगा।
हाल ही में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह और यूआईडीएआई के निदेशक आकाशदीप सिंह ने इस नए ‘आधार सेवा केंद्र’ का उद्घाटन किया। आवेदन के समय आधार से जुड़ी कमियां पाए जाने पर अब मौके पर ही सत्यापन और संशोधन (अपडेट) का काम पूरा किया जा सकेगा। यह सुविधा जल्द ही हजरतगंज स्थित रतन स्क्वायर (लखनऊ), कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी के पासपोर्ट सेवा केंद्रों पर भी शुरू की जाएगी।
लखनऊ RPO से उत्तर प्रदेश के 49 जिले, 4 प्रमुख पासपोर्ट सेवा केंद्र और 33 डाकघर पासपोर्ट केंद्र जुड़े हैं। प्रतिदिन दर्जनों आवेदकों के आधार डेटा में विसंगतियां मिलती थीं, जिन्हें दूर करने के लिए यह पहल की गई है।यूआईडीएआई और पासपोर्ट विभाग के इस संयुक्त प्रयास से आवेदन प्रक्रिया अधिक सुगम, पारदर्शी और समय की बचत करने वाली बनेगी।

