कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अयोध्या में मछली खाने के झूठे आरोप लगाने पर सिविल कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया है
अजय राय का आरोप है कि सार्वजनिक जीवन में उन पर लगाए गए तथ्यहीन और आपत्तिजनक आरोपों से उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर ठेस पहुंची है
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है। अयोध्या में उनके मछली खाने को लेकर लगाए गए आरोपों से आहत होकर उन्होंने मंगलवार को लखनऊ की सिविल कोर्ट का रुख किया। अजय राय का दावा है कि मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए यह आरोप पूरी तरह झूठे, मनगढ़ंत और उनकी सामाजिक साख को बट्टा लगाने वाले हैं।
‘सार्वजनिक छवि को पहुंचाया गया नुकसान’
मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी नेता पर तथ्यहीन और भ्रामक आरोप लगाना एक गंभीर अपराध है। गलत जानकारी फैलाकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस तरह के झूठे बयानों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और अब इसका फैसला अदालत के जरिए न्यायिक प्रक्रिया से ही होगा।

