पेंशन योजनाओं के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता पर निस्तारण, सड़कों को गड्ढामुक्त करने एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश
पंचायतीराज, धान खरीद, फार्मर रजिस्ट्री, जल जीवन मिशन, गौशालाओं एवं मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रगति की गहन समीक्षा
लखनऊ। मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में गुरुवार को आयुक्त सभागार में लखनऊ मण्डल के छह जनपदों—लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, रायबरेली, सीतापुर एवं उन्नाव—में संचालित विभिन्न विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान विभागवार योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अक्टूबर 2026 की जनपदवार रैंकिंग की समीक्षा करते हुए कम प्रगति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने लंबित आवेदनों के प्राथमिकता पर निस्तारण के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्राप्त 34,161 नवीन आवेदनों में से 33,491 स्वीकृत किए जा चुके हैं और 670 लंबित हैं। निराश्रित महिला पेंशन योजना में प्राप्त 38,468 आवेदनों में से 37,538 स्वीकृत तथा 930 अवशेष हैं, जबकि दिव्यांगजन पेंशन योजना में प्राप्त 6,076 आवेदनों में से 4,421 स्वीकृत, 1,118 अस्वीकृत तथा 537 लंबित हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत प्राप्त 50,389 आवेदनों में से 38,858 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है तथा सत्यापन हेतु लंबित 2,892 आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा गया। मण्डलायुक्त ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पात्र बच्चों को आर्थिक सहायता व उच्च शिक्षा की सुविधाएं समय से देने और महिला एवं बाल सम्मान कोष के लंबित प्रकरणों को भी शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि मण्डल में विभिन्न श्रेणियों की सड़कों के निर्धारित 9,451.74 किलोमीटर लक्ष्य के सापेक्ष 8,509 किलोमीटर (लगभग 90 प्रतिशत) कार्य पूर्ण हो चुका है। जनपदवार प्रगति में सीतापुर एवं उन्नाव 94-94 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि लखीमपुर खीरी में 90 प्रतिशत, लखनऊ में 89 प्रतिशत, हरदोई में 85 प्रतिशत तथा रायबरेली में 84 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। मण्डलायुक्त ने शेष कार्यों को तेजी से पूरा कर सभी सड़कों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, जल निगम (ग्रामीण) को पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की पुनर्स्थापना प्राथमिकता पर करने को कहा। एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की अपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने भूमि, बजट एवं तकनीकी स्वीकृति की बाधाओं को तत्काल दूर करने तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित परियोजनाओं के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीद के लिए सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, कृषक पंजीकरण व धान की मात्रा का समयबद्ध सत्यापन करने और खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता रखने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री में अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण कराने तथा मांग के अनुरूप उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में बताया गया कि डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत 1,093 ग्राम पंचायतों में फर्नीचर आपूर्ति पूर्ण हो गई है, पंचायत उत्सव भवन के छह भवनों का निर्माण प्रगति पर है और 112 के लक्ष्य के सापेक्ष 110 अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण पूरा हो चुका है। मण्डल की 6,553 ग्राम पंचायतों में से 5,466 में जनसेवा केंद्र संचालित हैं, जबकि शेष 1,087 केंद्रों को शीघ्र चालू करने और पंचायत सहायकों के रिक्त 49 पदों पर जल्द तैनाती करने के निर्देश दिए गए। वहीं, वर्ष 2010-11 से 2023-24 तक की 8,162 ऑडिट आपत्तियों में से मात्र 1,996 के निस्तारण और 6,166 के लंबित रहने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए जनपदवार कार्ययोजना बनाकर इनके समयबद्ध निस्तारण का निर्देश दिया। इसके अलावा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट की शेष दो इकाइयों को शीघ्र क्रियाशील करने तथा सॉलिड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट की धनराशि का नियमानुसार सदुपयोग करने को कहा गया।
ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने ईवी पब्लिक चार्जिंग स्टेशन व विद्युत हानि वाले फीडरों की स्थिति परखते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, नियमित टीकाकरण तथा बीमार पशुओं के उपचार के साथ नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी कर उनके पोषण स्तर में सुधार लाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए। बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल फेज-1 व फेज-2 के निर्माण को समय से पूरा करने तथा तकनीकी समिति द्वारा जर्जर घोषित विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण व नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जर्जर भवनों का उपयोग किसी भी स्थिति में न हो। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त शिवाकान्त द्विवेदी सहित मण्डल के सभी छह जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

