लखनऊ: बिना अनुमति संविधान रक्षा मार्च निकाल रही कांग्रेस; पुलिस ने आराधना मिश्रा, राजेंद्र पाल गौतम व इमरान मसूद समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया

Anoop

November 26, 2026

प्रशासन की रोक के बावजूद मार्च निकालने पर पुलिस से तीखी धक्का-मुक्की

खरगे का भाजपा पर हमला, कहा- 145 साल पुरानी कांग्रेस कभी खत्म नहीं होगी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस द्वारा निकाले जा रहे ‘संविधान रक्षा मार्च’ को लेकर भारी राजनीतिक सरगर्मी और पुलिस कार्रवाई देखने को मिली। माल एवेन्यू स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से हजरतगंज चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक प्रस्तावित इस मार्च के लिए जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी थी।

प्रशासन की रोक के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद सहित कई वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की आवाज को गिरफ्तारियों और पुलिसिया रोक से दबाया नहीं जा सकता। इससे पहले पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान और बाबा साहेब के सम्मान की लड़ाई जारी रहेगी।

उन्होंने भगवान राम के नाम के कथित राजनीतिक इस्तेमाल पर भी निशाना साधा और कहा कि राम के नाम पर राजनीति करने वालों को स्वर्ग का दरवाजा नहीं मिलेगा। खरगे ने पार्टी के 145 साल के लंबे इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी से लेकर लोकतंत्र की मजबूती तक अहम भूमिका निभाई है और यह कभी खत्म होने वाली पार्टी नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया और कहा कि मिलकर लड़ेंगे तो जीत जरूर मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *