आईसीएआर-एनबीएफजीआर में आधुनिक जलकृषि पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, 25 मत्स्य पालक शामिल

Anoop

November 26, 2026

मत्स्य योजनाओं, मोती संवर्धन और देशी प्रजातियों पर जोर, 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था में अहम योगदान

वैज्ञानिक पद्धतियों, हैचरी व प्रसंस्करण से स्वरोजगार और आय बढ़ाने का आह्वान, व्यावहारिक प्रशिक्षण पर बल

लखनऊ। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो (ICAR-NBFGR), लखनऊ में उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के तहत लखनऊ मंडल के मत्स्य पालकों के लिए ‘आधुनिक जलकृषि पर कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय यह प्रशिक्षण 25 से 27 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग की महानिदेशक एवं मुख्य अतिथि धनलक्ष्मी के. ने किया। कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 25 मत्स्य पालकों ने भाग लिया।

महानिदेशक मत्स्य ने मत्स्य पालकों को प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना और मोती संवर्धन योजना सहित विभाग की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से लैंडलॉक राज्य होने के बावजूद उत्तर प्रदेश मात्स्यिकी के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और नीली क्रांति के लक्ष्यों को पूरा करने के साथ प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शुरू की गई 10 नई योजनाओं के साथ गोरखपुर में वर्ल्डफिश संस्था के उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस, मेगा एकीकृत एक्वापार्क, प्रसंस्करण इकाई, आधुनिक मत्स्य मंडी, मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के निर्माण तथा मीन महोत्सव, मत्स्य निवेश समिट और एक्सपो जैसे आयोजनों व निवेश संभावनाओं का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में राज्य मीन चिताला मछली सहित देशी मत्स्य प्रजातियों के उत्पादन एवं संवर्धन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए मत्स्य पालकों से वैज्ञानिक मत्स्य पालन पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने का आह्वान किया गया। उन्हें मोती संवर्धन सहित विविधीकृत मत्स्य गतिविधियों, मत्स्य बीज उत्पादन व हैचरी प्रबंधन, मत्स्य आहार उत्पादन, सजावटी मत्स्य पालन, मत्स्य प्रसंस्करण और विपणन के जरिए आय बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

यह भी कहा गया कि प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक ज्ञान व कक्षा चर्चा तक सीमित न रहे, बल्कि तकनीकों के प्रदर्शन, क्षेत्रीय भ्रमण और स्वयं करके सीखने पर जोर दिया जाए, जिससे युवा व महिलाएं आगे आकर सफल उद्यम स्थापित कर सकें।

आयोजन में कोर्स डायरेक्टर व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार, सह-समन्वयक डॉ. ताराचंद कुमावत व डॉ. राघवेन्द्र सिंह के साथ आईसीएआर-एनबीएफजीआर के निदेशक डॉ. काजल चक्रवर्ती, उप निदेशक मत्स्य (नियोजन) ऐजाज अहमद नकवी, उपनिदेशक मत्स्य लखनऊ मंडल, सहायक निदेशक मत्स्य सृष्टि यादव तथा विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव के. सिंह व डॉ. शरद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *