परिस्थितियों से आगे व्यक्ति की पहचान पर जोर प्रतियोगिताओं से ‘बदलावोत्सव 2026’ तक जुड़ेगा अभियान
भिक्षावृत्ति में लगे लोगों को परिस्थितियों से अलग एक संवेदनशील व्यक्ति के रूप में देखने की पहल
लखनऊ। भिक्षावृत्ति में लगे लोगों के पुनर्वास और सामाजिक समावेशन की दिशा में काम करने वाली संस्था बदलाव ने गुरुवार को लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित पायनियर मॉन्टेसरी स्कूल में ‘बियॉन्ड द बाउल’ अभियान की शुरुआत की। पहले सत्र में करीब 150 विद्यार्थी, शिक्षक और अन्य स्कूल कर्मचारी शामिल हुए। ‘समानुभूति और गरिमा’ के विचार पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को भिक्षावृत्ति से जुड़ी परिस्थितियों को समझने और इस काम में लगे लोगों को उनकी परिस्थितियों से अलग एक व्यक्ति के रूप में देखने के लिए प्रेरित करना है।
सत्र की शुरुआत एक वीडियो से हुई, जिसमें लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में भीख मांगते लोगों के दृश्य दिखाए गए। वीडियो देखने के बाद विद्यार्थियों से पूछा गया कि उन्होंने क्या देखा। जवाब में ‘भिखारी’, ‘जरूरतमंद’, ‘गरीब’ और ‘बेघर’ जैसे शब्द सामने आए। इसके बाद चर्चा हुई कि अक्सर किसी व्यक्ति को उसकी परिस्थिति के आधार पर पहचान लिया जाता है, जबकि उसके जीवन के अनुभव और उसकी कहानी पर ध्यान नहीं दिया जाता।

बातचीत के दौरान विद्यार्थियों को अपनी सोच पर विचार करने और यह समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया कि किसी व्यक्ति के प्रति हमारा नजरिया और व्यवहार कैसा होना चाहिए। इस दौरान विद्यार्थियों ने बदलाव की एग्ज़ीबिशन गैलरी भी देखी, जहां तस्वीरों और इन्फोग्राफिक्स के माध्यम से संस्था के काम को समझाया गया। इसमें बताया गया कि संस्था भिक्षावृत्ति में लगे लोगों तक कैसे पहुंचती है, उनकी जरूरतों को समझकर उनके पुनर्वास, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में किस तरह काम करती है।
सत्र के अंत में विद्यार्थियों के लिए सहानुभूति और गरिमा थीम पर चित्रकला, कविता और नाटक प्रतियोगिताओं की घोषणा की गई। इनके माध्यम से विद्यार्थी अभियान से जुड़ी अपनी समझ और विचारों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करेंगे। चुनी गई रचनाओं और प्रस्तुतियों को 10 दिसंबर को होने वाले बदलावोत्सव 2026 में प्रदर्शित किया जाएगा। स्कूल के प्रिंसिपल इंदु बाला गौड़ और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की।

प्रिंसिपल ने कहा कि सामाजिक मुद्दों पर काम करने वाली संस्थाओं के साथ विद्यार्थियों का संवाद उन्हें कक्षा से बाहर सीखने के अवसर देता है और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करता है। बदलाव के संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक शरद पटेल ने कहा कि बियॉन्ड द बाउल के जरिए हम चाहते हैं कि युवा भीख मांगने के काम में लगे लोगों को सिर्फ उनकी परिस्थितियों से न पहचानें, बल्कि उन्हें एक समान रूप में देखें और उनकी गरिमा का सम्मान करें। यह अभियान 5 दिसंबर तक लखनऊ के अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों में जारी रहेगा तथा इसका समापन 10 दिसंबर को बदलाव के वार्षिक आयोजन बदलावोत्सव 2026 के साथ होगा।

