विरासत के प्रति युवा पीढ़ी को संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता: जयवीर सिंह
राज्य संग्रहालय में आयोजित प्रतियोगिताओं व प्रदर्शनी का अवलोकन, विजेता छात्र सम्मानित
लखनऊ। राज्य संग्रहालय, लखनऊ द्वारा विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवंबर) के अवसर पर आयोजित विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं के विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र वितरित किए गए। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह उपस्थित रहे।
विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं में भारत की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्मारकों तथा विश्व धरोहर स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्य संग्रहालय की ओर से कैनवास पेंटिंग प्रतियोगिता, विद्यालय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई थीं। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने इनमें भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और ऐतिहासिक जानकारी का प्रदर्शन किया।
समारोह में मंत्री जयवीर सिंह ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय केवल प्राचीन वस्तुओं के संरक्षण और प्रदर्शन के केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक चेतना के महत्वपूर्ण संस्थान भी हैं। इस दौरान उन्होंने भारत के सांस्कृतिक विश्व धरोहर स्थलों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी तथा प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और छात्रों के प्रयासों की सराहना की।
जयवीर सिंह ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय पहचान व गौरव का आधार है और नई पीढ़ी को विरासत के महत्व से अवगत कराकर उसके संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, संस्कृति निदेशालय के निदेशक संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के सलाहकार जे.पी. सिंह, उत्तर प्रदेश राज्य अभिलेखागार के निदेशक अमित अग्निहोत्री, शिक्षक, प्रतिभागी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। राज्य संग्रहालय के निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन किया तथा सहायक निदेशक डॉ. मीनाक्षी खेमका ने कार्यक्रम का संचालन किया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सार्थक सिंह ने प्रथम, लव वर्मा ने द्वितीय और चित्रेश ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। सीनियर वर्ग की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में गौरव कुमार गुप्ता प्रथम, प्रवीन द्वितीय और प्रतिमा मौर्या तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में अनुप्रिया वर्मा ने प्रथम, वीरेन्द्र ने द्वितीय और मानस सिंह ने तृतीय पुरस्कार जीता, जबकि सीनियर वर्ग में श्रेया वर्मा प्रथम, तनिशा गुप्ता द्वितीय और अंश गौतम तृतीय स्थान पर रहे।

