एंकर यूनिट से खुलेंगे रोजगार और सहायक उद्योगों के नए द्वार, बढ़ेगी प्रदेश की औद्योगिक ताकत
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी, 36 नीतियों और बेहतर कानून-व्यवस्था से निवेश का हब बन रहा उत्तर प्रदेश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इण्टीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एण्ड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर में लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली बॉल कॉरपोरेशन की एल्युमिनियम बेवरेज कैन मैन्युफैक्चरिंग इकाई का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश व विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने में साझेदार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी को अपने सरकारी आवास से वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए कहा कि यह निवेश प्रदेश में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। हाल ही में सी0एन0एच0 इण्डस्ट्रियल के लगभग 1,200 करोड़ रुपये के निवेश का भूमि पूजन हुआ और ताइवान की क्रिएटिव सेन्सर के साथ करीब 1,100 करोड़ रुपये के निवेश की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि बॉल कॉरपोरेशन की यह इकाई एंकर यूनिट के रूप में काम करेगी, जिससे हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे और स्थानीय एम0एस0एम0ई0, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट व रीसाइक्लिंग से जुड़े सहयोगी उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। देश में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज का बाजार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे मेरठ की लोकेशन कंपनी को ग्राहकों व फिलिंग सुविधाओं के नजदीक रहकर घरेलू व वैश्विक बाजार में विस्तार का अवसर देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओ0डी0ओ0पी0 के तहत खेल सामग्री के लिए प्रसिद्ध और मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी वाले मेरठ में अब एडवान्स्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग के नए अवसर भी जुड़ रहे हैं। नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ 12-लेन एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे, 25,000 हेक्टेयर के यीडा क्षेत्र, जेवर स्थित नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट से निकटता तथा ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की सुविधाएं मेरठ को मजबूत मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी दे रही हैं। यीडा क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी के जरिए वैश्विक कंपनियों, आधुनिक तकनीक और एडवान्स्ड मैन्युफैक्चरिंग को आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बजट, जी0एस0डी0पी0, प्रति व्यक्ति आय और महिला कार्यबल की भागीदारी को लगभग तीन गुना किया है। प्रदेश अग्रणी रेवेन्यू सरप्लस राज्य होने के साथ 02 लाख करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक कैपेक्स के जरिए सर्वाधिक पूंजीगत व्यय कर रहा है और बॉटम-5 से निकलकर देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। मजबूत कानून-व्यवस्था, निर्बाध कनेक्टिविटी, डेडिकेटेड इण्डस्ट्रियल लैण्ड बैंक और इण्डस्ट्री रेडी वर्कफोर्स के चलते प्रदेश में बड़ी फैक्ट्रियों की संख्या 14,000 से बढ़कर 35,000 से अधिक हो गई है। देश की मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कम्पोनेंट्स उत्पादन में लगभग 60 प्रतिशत है, वहीं डेटा सेंटर, ईवी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े नौ वर्षों में मिले 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की ग्राउण्ड ब्रेकिंग हो चुकी है और उत्पादन शुरू हो गया है, जबकि लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों की ग्राउण्ड ब्रेकिंग की तैयारी है। प्रदेश में 01 करोड़ एम0एस0एम0ई0 इकाइयां, 25,000 से अधिक स्टार्टअप्स, 36 सेक्टोरल पॉलिसी, 75,000 एकड़ का इण्डस्ट्रियल लैण्ड बैंक और 27 इण्डस्ट्रियल एवं मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं। निवेश मित्र सिंगल विण्डो सिस्टम और डिरेगुलेशन 1.0 में प्रथम स्थान ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को मजबूत किया है। सैमसंग, एल0जी0, डिक्सन, सी0एन0एच0 इण्डस्ट्रियल, एच0सी0एल0, फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आई0बी0एम0, पेप्सीको और बॉल कॉरपोरेशन जैसी कंपनियां मेक इन यूपी-मेक फॉर द वर्ल्ड तथा 2030 तक 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दे रही हैं। समारोह में बॉल कॉरपोरेशन के वाइस प्रेसिडेण्ट फाइनेन्स फिलिप हॉकेन, मुंबई प्लांट निदेशक अजित शर्मा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी व सीईओ यूपीडा अजय चौहान और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

