लखनऊ छावनी में 5 यूपी एअर स्कवाड्रन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, 536 कैडेट ले रहे हिस्सा

Anoop

November 26, 2026

विंग कमांडर सुमित डोभाल ने किया शिविर का उद्घाटन, फ्लाइंग, फायरिंग और एयरो मॉडलिंग की मिलेगी ट्रेनिंग

लखनऊ छावनी स्थित 02 सैन्य प्रशिक्षण वाहिनी, सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज के प्रांगण में किया जा रहा है

लखनऊ। 5 यूपी एअर स्कवाड्रन एनसीसी लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-226 बुधवार को लखनऊ छावनी में शुरू हो गया। शिविर का आयोजन लखनऊ छावनी स्थित 02 सैन्य प्रशिक्षण वाहिनी, सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज के प्रांगण में किया जा रहा है, जिसमें 15 शिक्षण संस्थानों के 536 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं।

शिविर का उद्घाटन 5 यूपी एअर स्कवाड्रन एनसीसी लखनऊ के कमान अधिकारी एवं कैंप कमांडेंट विंग कमांडर सुमित डोभाल ने किया। उन्होंने शिविर में शामिल सभी एएनओ, सीटीओ, वायुसेना प्रशिक्षकों और कैडेटों का स्वागत किया।

इस अवसर पर कैंप कमांडेंट ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि शिविर के दौरान कैडेटों को ड्रिल, हथियार ड्रिल, फायरिंग प्रैक्टिस, माइक्रोलाइट फ्लाइंग एवं माइक्रोलाइट सिमुलेटर फ्लाइंग, एयरो मॉडलिंग ट्रेनिंग के साथ वायुसेना स्टेशन का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने लखनऊ ग्रुप मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शिविर के सुचारू संचालन के लिए कैंप एडजुटेंट, ट्रेनिंग इंचार्ज, कल्चरल इंचार्ज और अन्य दायित्वों से जुड़े अधिकारियों को कार्यभार सौंपा।

खेल, योग और सांस्कृतिक स्पर्धाओं से होगा सर्वांगीण विकास

कैडेटों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शिविर के दौरान योग, खेलकूद, दौड़ और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा शाम के समय सांस्कृतिक प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। शिविर के समापन दिवस तक चलने वाली सभी प्रतियोगिताओं के विजेता कैडेटों को स्मृति चिह्न और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *