पांच दिवसीय मेगा आई कैंप में 197 आर्थिक रूप से कमजोर आम नागरिकों सहित 60 पूर्ण रूप से दृष्टिहीन मरीजों की हुई सफल निशुल्क सर्जरी
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के सैनिक कल्याण विकास निगम एवं प्रांतीय रक्षा दल (PRD) राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर शामिल हुए
मेरठ/ लखनऊ। आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल सर्विसेज (AFMS) के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के तहत मेरठ स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में आयोजित पांच दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 412 लोगों की दृष्टि लौटाने वाली सफल सर्जरी कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। मुख्यालय ‘सूर्या कमान’ के तत्वावधान में आयोजित और 25 नवंबर को संपन्न हुए इस शिविर ने क्षेत्र के सैकड़ों लोगों के जीवन में नई रोशनी भर दी है।
शिविर में लाभान्वित होने वाले मरीजों में 197 ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर आम नागरिक भी शामिल थे, जो महंगे इलाज में असमर्थ थे। विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की मोतियाबिंद, ग्लूकोमा, विट्रियो-रेटिनल और टेरिजियम जैसी जटिल नेत्र समस्याओं की निशुल्क सर्जरी की गई। इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि मोतियाबिंद के कारण पूरी तरह से दृष्टि खो चुके लगभग 60 मरीजों की आंखों की रोशनी सफलतापूर्वक लौटाई गई।
दूर-दराज के कस्बों और ग्रामीण इलाकों तक आधुनिक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से AFMS के नेत्र विशेषज्ञों और मेडिकल अधिकारियों ने पिछले दो महीनों के दौरान बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, शामली और मुरादाबाद में व्यापक अभियान चलाकर 12,000 से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की। इसके अतिरिक्त, मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल में आयोजित मुख्य शिविर के दौरान लगभग 5,000 मरीजों की जांच की गई। इनमें से सर्जरी के लिए चिह्नित किए गए मरीजों को मिलिट्री हॉस्पिटल लाया गया, जहां 22 से 24 नवंबर के बीच 412 सफल ऑपरेशन किए गए।
राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने की भारतीय सेना के प्रयासों की सराहना
शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के सैनिक कल्याण विकास निगम एवं प्रांतीय रक्षा दल (PRD) राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर शामिल हुए। उन्होंने ऑपरेशन कराने वाले मरीजों और चिकित्सा दल के सदस्यों से संवाद किया। डॉ. तोमर ने आम नागरिकों को बड़े पैमाने पर निशुल्क और उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय सेना की मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
अब तक के किसी भी आई कैंप में सर्वाधिक सर्जरी का रिकॉर्ड
इस अवसर पर DGAFMS एयर मार्शल संदीप थरेजा ने मेडिकल टीम के उत्कृष्ट योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि टीम ने पेशेवर दक्षता, समर्पित सेवा और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता का एक नया मानक गढ़ा है। उन्होंने कहा कि AFMS पूर्व सैनिकों और सैन्य आश्रितों के साथ-साथ उन वंचित आम नागरिकों तक भी पहुंच बना रहा है, जिन्हें ऐसी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं सुलभ नहीं हैं।
गौरतलब है कि अब तक आयोजित किसी भी सैन्य आई कैंप की तुलना में 412 सर्जरी की यह संख्या सर्वाधिक है। ये सभी ऑपरेशन आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) के नेत्र विज्ञान विभाग के प्रमुख ब्रिगेडियर संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए। ‘ऑपरेशन दृष्टि’ के अंतर्गत देश के सुदूर और वंचित क्षेत्रों में वृहद स्तर पर नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर आयोजित कर आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

