मुख्य अतिथि आईएएस देवेंद्र कुमार पांडे ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर बढ़ाया उत्साह
प्रतीक शुक्ला फाइनल में मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैट्समैन चुने गए, हमजा बेस्ट बॉलर व अभिषेक मैन ऑफ द सीरीज
लखनऊ: 22वीं कर्नल एस.एन. मिश्रा ओबीई मेमोरियल अंतरविद्यालय बॉक्स क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार पांडे, आईएएस ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने अपने आशीर्वचनों से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया तथा विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 47 रन बनाए। जवाब में डीपीएस स्कूल साउथ सिटी की टीम 6 ओवर में 4 विकेट खोकर 38 रन ही बना सकी। तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज ने यह मुकाबला 9 रन से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतीक शुक्ला (तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज) को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल मैच में द मिलेनियम स्कूल साउथ सिटी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। एनक्राइट पीएस एकेडमी स्कूल बिजनौर की टीम 5.3 ओवर में मात्र 6 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए मिलेनियम स्कूल साउथ सिटी ने 2.3 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई। इस मैच में मोहम्मद हमजा (मिलेनियम स्कूल) को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
खिताबी मुकाबले यानी फाइनल मैच में द मिलेनियम स्कूल साउथ सिटी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज ने 6 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाए। इसके जवाब में मिलेनियम स्कूल साउथ सिटी की टीम 6.4 ओवर में 15 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज ने 28 रन से फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल में भी प्रतीक शुक्ला (तिरुपति मोंटेसरी स्कूल) को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट के विशेष पुरस्कारों में प्रतीक शुक्ला (तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज) को बेस्ट बैट्समैन, मोहम्मद हमजा (मिलेनियम स्कूल साउथ सिटी) को बेस्ट बॉलर, अभिषेक तिवारी (तिरुपति मोंटेसरी स्कूल अर्जुनगंज) को मैन ऑफ द सीरीज तथा द मिलेनियम स्कूल साउथ सिटी को बेस्ट डिसिप्लिन टीम ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं प्रबंधक सन्मय शुक्ला, डायरेक्टर श्रीमती प्रीती त्रिवेदी, प्रधानाध्यापिका पूजा सिंह, टूर्नामेंट के जनरल सेक्रेटरी आलोक भारद्वाज सहित सभी शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

