खेल निदेशक और ओलंपियनों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ, तकनीकी निदेशक राजेश चौधरी की देखरेख में हो रहे मुकाबले
रोमांचक मुकाबलों का दौर: पंजाब एंड सिंध बैंक व सीएजी का मैच रहा बराबरी पर, साउथ सेंट्रल रेलवे ने यूपी पुलिस को दी मात
लखनऊ। पद्म श्री मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम, विजयंत खंड, गोमती नगर में बुधवार को 44वीं ऑल इंडिया केडी सिंह “बाबू” आमंत्रण प्राइजमनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 12 से 20 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री सुहास एल.वाई. (आईएएस) ने किया।
उद्घाटन समारोह में खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके साथ ही, विशिष्ट अतिथि खेल निदेशक डॉ. आर.पी. सिंह और अर्जुन अवार्डी श्री ललित उपाध्याय का स्वागत लखनऊ के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा द्वारा किया गया। इस अवसर पर ओलंपियन देवेश चौहान, मुकुल शाह, महेंद्र सिंह बोरा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रजनीश मिश्रा, पूर्व क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी निशा मिश्रा, जिला हॉकी संघ लखनऊ के अविनाश श्रीवास्तव, सहायक प्रशिक्षक निशित दीक्षित व विकास पाण्डेय, गोंडा के क्रीड़ा अधिकारी रंजीत राज सहित कई खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। हॉकी इंडिया के तकनीकी निदेशक श्री राजेश चौधरी की देखरेख में प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जा रहे हैं।

पहले दिन के रोमांचक मुकाबले और परिणाम
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पंजाब एंड सिंध बैंक और सीएजी के बीच खेला गया, जो बेहद संघर्षपूर्ण रहा। मैच के प्रथम क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-एक गोल दागा। दूसरे क्वार्टर में पंजाब एंड सिंध बैंक (PSB) ने एक और गोल कर 2-1 की बढ़त बनाई। तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन चौथे क्वार्टर के 50वें मिनट में सीएजी (CAG) ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। अंततः यह मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दूसरा मैच साउथ सेंट्रल रेलवे और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच खेला गया। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें खाता नहीं खोल सकीं, लेकिन दूसरे क्वार्टर में साउथ सेंट्रल रेलवे (SCR) ने 23वें और 26वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी स्ट्रोक को भुनाते हुए 2-0 की बढ़त ले ली। तीसरे क्वार्टर के 32वें मिनट में यूपी पुलिस (UPP) ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना पहला गोल किया। इसके तुरंत बाद 45वें मिनट में एससीआर ने फील्ड गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। चौथे क्वार्टर में एससीआर ने 53वें मिनट में एक और फील्ड गोल किया, जबकि यूपी पुलिस ने 59वें मिनट में फील्ड गोल कर अंतर को कम किया। अंततः साउथ सेंट्रल रेलवे ने यह मैच 4-2 से अपने नाम कर लिया।
कल (13 नवंबर 2026) होने वाले मुकाबले:
- पेट्रोलियम बनाम बी.एस.एफ.
- जी.एस.टी. चेन्नई बनाम एयरफोर्स
- साउथ सेंट्रल रेलवे बनाम पंजाब नेशनल बैंक

