वोटर लिस्ट से नाम कटने के मुद्दे पर सीएम योगी के दावे को लेकर सपा प्रमुख ने दागे सवाल
चंद्रशेखर और ओवैसी के नए मोर्चे का किया स्वागत, कहा- राजनीति से खत्म होगी वोटों की ठेकेदारी प्रथा
लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जोरदार तंज कसा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री को समय से पहले ही यह जानकारी कैसे हो गई कि सूची से एक करोड़ 27 लाख वोट कट गए हैं। अखिलेश ने व्यंग्य करते हुए कहा कि यूपी के सीएम को पहले से ही पता चल जाता है कि वोट कैसे कटते हैं, और जब कुछ हाथ लगता है तो वे ‘जाओ भैंस चराओ’ जैसी बातें करने लगते हैं। राजनीतिक गलियारों में अखिलेश के इस बयान को मुख्यमंत्री द्वारा 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने को लेकर जताई गई चिंता पर सीधे पलटवार के रूप में देखा जा रहा है।
इसी बीच, सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के नवगठित ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत करते हुए महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के अधिकारों की आवाज बुलंद करने वाले हर दल को समाजवादी पार्टी अपना सहयोग देगी। अखिलेश का मानना है कि सामाजिक बदलाव के साथ-साथ जब राजनीतिक परिवर्तन का मोर्चा भी सक्रिय होता है, तभी वास्तविक सफलता मिलती है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह के नए राजनीतिक विकल्पों के उभरने से आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को दो से तीन प्रतिशत वोटों का सीधा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष करने वाले और पीडीए समाज की ईमानदार आवाज उठाने वाले दलों की बात जनता तक पहुंचाने में सपा मदद करेगी। इससे उन मतदाताओं के सामने भी एक ठोस विकल्प तैयार होगा, जो अक्सर भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर सांप्रदायिक शक्तियों के पक्ष में मतदान कर देते हैं।
राजनीति में शुचिता की वकालत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में नए मोर्चों का गठन स्वागतयोग्य है, बशर्ते उनकी नीयत समाज की भलाई की हो। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि केवल बयानबाजी से सियासी सरगर्मी पैदा करने वालों की हकीकत जनता भली-भांति समझती है, और यदि कोई दल किसी अन्य की सियासत की कठपुतली बनता है तो चुनाव में जनता उसे सबक सिखाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीति से ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ समाप्त होगी और आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव की चाह रखने वाली जनता उसी की ओर रुख करेगी, जिसका आधारभूत वोट मजबूत होगा। उनके अनुसार, वर्तमान परिदृश्य में पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

