बेंगलुरु में आयोजित एशियन मास्टर्स स्वीमिंग चैंपियनशिप में लखनऊ के तैराकों ने जीते 10 पदक
शानदार प्रदर्शन करने वाले मास्टर तैराकों को अवध जिमखाना क्लब में आयोजित समारोह में हुआ सम्मान
लखनऊ। उम्र को अपनी राह की बाधा न बनने देते हुए लखनऊ के मास्टर तैराकों ने बेंगलुरु में 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित द्वितीय एशियन मास्टर्स स्वीमिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत व सात कांस्य पदक सहित कुल दस पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि पर लखनऊ जिला स्वीमिंग एसोसिएशन की ओर से अवध जिमखाना क्लब में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पदक विजेताओं के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य वरिष्ठ तैराकों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और विशिष्ट अतिथि कोषाध्यक्ष डॉ. सैयद रफत जुबैर रिजवी रहे। अध्यक्षता डॉ. आरके स्वर्णकार (आईपीएस एवं एडीजी यूपी पुलिस) ने की। अतिथियों का स्वागत उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल ने किया, जबकि संचालन उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि इन तैराकों ने साबित कर दिया है कि लगन और नियमित अभ्यास से किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
चैंपियनशिप में लखनऊ के 17 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जिनमें प्रमुख पदक विजेताओं का विवरण इस प्रकार है:
- प्रकाश अवस्थी (74 वर्ष): 50 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण पदक।
- राधेश्याम गुप्ता (78 वर्ष): 200 मीटर बैकस्ट्रोक में रजत पदक।
- देवेंद्र शुक्ला (58 वर्ष): 200 मीटर बैकस्ट्रोक में रजत पदक।
- सुमन चौधरी (65 वर्ष): 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक और रिले में तीन कांस्य पदक।
- राकेश शुक्ला (71 वर्ष): 200 मीटर बैकस्ट्रोक और रिले में दो कांस्य पदक।
- नितिन वार्ष्णेय (62 वर्ष): रिले में कांस्य पदक।
- पुष्पा मिश्रा (52 वर्ष): 50 मीटर बटरफ्लाई में कांस्य पदक।
इनके अलावा विकास अवस्थी, डॉ. वीएम खरे, दिनेश श्रीवास्तव, श्याम नारायण गुप्ता, सीमा यादव, संदीप अरोड़ा, राकेश सोनकर, अनुराधा खन्ना, प्रभात मिश्रा और सुबोध मिश्रा ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस अवसर पर हीरा लाल यादव, डॉ. आईडी शर्मा, सीए एसएम द्विवेदी, पीएन पाठक, रविन कपूर, पारितोष शर्मा और अमोल श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

