मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा में 287 करोड़ रुपये से अधिक की 84 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

Anoop

November 1, 2026
????????????????????????????????????

287 करोड़ रुपये से अधिक 84 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से चौरी-चौरा को मिली सौगात

किसानों के फसल नुकसान की भरपाई के लिए सरकार लाएगी नया पैकेज, मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि यह धरती देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर क्रांतिकारियों की जन्मस्थली है। मुख्यमंत्री आज जनपद गोरखपुर के चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र में 287 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 84 विकास परियोजनाओं (45 लोकार्पण एवं 39 शिलान्यास) के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चौरी-चौरा-भोपा बाजार-मुण्डेरा बाजार-सोनबरसा मार्ग पर स्थित रेलवे संपार संख्या-147-बी पर रेल उपरिगामी सेतु (फ्लाईओवर) का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक स्थल चौरी-चौरा पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी और विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, प्रशस्ति पत्र, बीज किट और प्रतीकात्मक चाबियां प्रदान कीं।

किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए आएगा नया पैकेज

मुख्यमंत्री ने हाल ही में साइक्लोन के कारण हुई बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी जिला प्रशासनों को प्रभावित क्षेत्रों का त्वरित सर्वेक्षण कराकर किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घोषणा की कि सरकार किसानों के लिए एक नया पैकेज लेकर आएगी, जिससे फसल नुकसान की पूरी भरपाई की जा सकेगी।

क्रान्तिकारी ओवरब्रिज के रूप में जानी जाएगी नई सौगात

नवनिर्माणित रेल उपरिगामी सेतु के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल के बनने से देवरिया और गोरखपुर के बीच आवागमन पूरी तरह सुगम हो गया है और लोगों को घंटों जाम से मुक्ति मिली है। उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र के क्रांतिकारियों के सम्मान में इस फ्लाईओवर को ‘क्रान्तिकारी ओवरब्रिज’ अथवा ‘शहीद स्मारक ओवरब्रिज’ के नाम से जाना जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां बलिदानियों के योगदान को याद रख सकें। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार और दुकानों को बिना तोड़े इस प्रकार डिजाइन तैयार किया गया ताकि व्यापारियों को अनावश्यक कष्ट न हो।

व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़

व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण आज प्रदेश में सुरक्षित माहौल है। बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है, और ऐसा करने वालों को कठोर दंड भुगतना होगा। उन्होंने घोषणा की कि चौरी-चौरा नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिसमें नया कार्यालय भवन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, एकीकृत सेवाएं और युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना शामिल है।

अमर क्रांतिकारियों और पं. मदन मोहन मालवीय के योगदान का स्मरण

चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना (04 फरवरी 1922) का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने अपनी प्रभावी पैरवी के बल पर 172 में से 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से बचाया था। उन्होंने भगवान अहिर, नजर अली, कोमल सिंह यादव, लाल मोहम्मद सहित अन्य वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि मां तरकुलहा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और 1857 के सेनानी शहीद बंधु सिंह की स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।

राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्य

केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 46 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना और जनधन योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पतन, शोषण, दंगों और कर्फ्यू की पहचान से निकलकर संस्कृति, सुरक्षा, उत्सव और प्रगति की धरती बन चुका है।

कार्यक्रम को केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, मत्स्य मंत्री संजय निषाद और स्थानीय विधायक इंजीनियर सरवन कुमार निषाद ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांसद संगीता यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, श्रीराम चौहान, प्रदीप शुक्ल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *