लखनऊ मंडल ने प्रदेशीय सीनियर महिला हैंडबॉल में जीता कांस्य पदक

Anoop

November 1, 2026

पूल मुकाबलों और क्वार्टर फाइनल में दबदबा कायम रखते हुए सेमीफाइनल तक तय किया सफर

वाराणसी के खिलाफ कड़े मुकाबले में हार के बाद लखनऊ मंडल की झोली में आया कांस्य पदक

लखनऊ। झांसी में 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रदेशीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। प्रतियोगिता के दौरान लखनऊ की महिला खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और जुझारूपन का परिचय दिया। लखनऊ की टीम ने पूल-डी में अपना दबदबा बनाए रखते हुए आजमगढ़, अलीगढ़ और आगरा को शिकस्त देकर अपने तीनों मुकाबले जीते और पूल में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का किया।

क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी लखनऊ ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए गोरखपुर की टीम को मात देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, सेमीफाइनल के कड़े मुकाबले में लखनऊ को वाराणसी की टीम के हाथों 30-23 से पराजय का सामना करना पड़ा और टीम को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। इस प्रतियोगिता में वाराणसी की टीम विजेता तथा अयोध्या की टीम उपविजेता रही।

लखनऊ मंडल की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने कांस्य पदक विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा और यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत व बेहतरीन टीम भावना का परिणाम है। वहीं, टीम के कोच मोहम्मद तौहीद ने कहा कि पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने एकजुटता और उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने विशेष रूप से निशा खान, शिवानी भारती, माही शर्मा और डॉली यादव के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सेमीफाइनल में हार के बावजूद टीम का जुझारूपन काबिले तारीफ रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *