लता मंगेशकर चौक से शुरू होकर भव्य सरयू आरती के साथ पूर्ण होगी छह घंटे की यात्रा
एसी वाहनों से यात्रा के साथ वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए रहेगी सुगम व्यवस्था
लखनऊ। रामनगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारियों के बीच उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक विशेष सौगात दी है। निगम ने एक दिवसीय ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ टूर पैकेज की शुरुआत की है, जिसके तहत पर्यटकों को गाइड की अगुवाई में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े प्रमुख मंदिरों, पौराणिक घाटों और आध्यात्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यह विशेष यात्रा 1 नवंबर से शुरू हो रही है, जिसके लिए प्रतिदिन दो बैच संचालित किए जाएंगे। पहला बैच सुबह 10 से शाम 4 बजे तक और दूसरा बैच दोपहर 1 से शाम 7 बजे तक रहेगा।
लता मंगेशकर चौक से शुरू होकर सरयू आरती पर सम्पन्न होगी 6 घंटे की यात्रा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि रामायण सर्किट में अयोध्या के महत्व को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। यात्रा का शुभारंभ लता मंगेशकर चौक से होगा, जहां से पर्यटकों को सबसे पहले रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। इसके बाद पर्यटक सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड, पंचमुखी महादेव मंदिर, गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला, शेषावतार मंदिर, स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। छह घंटे की इस आध्यात्मिक यात्रा का समापन तट पर दीप प्रज्ज्वलन और भक्तिमय माहौल में मां सरयू की भव्य आरती के साथ होगा, जिसके बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक छोड़ दिया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए सुगम व्यवस्था और बुकिंग प्रक्रिया
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात के अनुसार, इस पैकेज को विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि वे बिना किसी कठिनाई के एक ही दिन में प्रमुख स्थलों का भ्रमण कर सकें। यात्रा के दौरान पर्यटकों के लिए वातानुकूलित (एसी) वाहन और स्थानीय गाइड की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जो प्रत्येक स्थल के पौराणिक इतिहास की जानकारी देंगे। हालांकि, इसमें भोजन और ठहरने की व्यवस्था शामिल नहीं है। इच्छुक पर्यटक निगम की आधिकारिक वेबसाइट (upstdc.co.in) या हेल्पलाइन नंबर (8130966118) पर संपर्क कर अपनी बुकिंग करा सकते हैं।

