फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुँचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राहत सामग्री बांटी; ₹182 करोड़ से बनेगा बंधा

Anoop

October 16, 2026

आईआईएम रोड से फैजुल्लागंज तक ₹182 करोड़ की लागत से बनेगा नया बंधा

“जनता की सेवा करना हमारा कोई एहसान नहीं, बल्कि हमारा फर्ज है”

लखनऊ। केंद्रीय रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह ने आज आईआईएम रोड स्थित अल्लूनगर डिगुरिया चौक पर आयोजित कार्यक्रम में फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से सीधा संवाद कर हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का मजबूत भरोसा दिलाया।

बाढ़ प्रभावितों को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि फैजुल्लागंज में जलभराव और बाढ़ की स्थिति पर वे लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी से प्रतिदिन फीडबैक लेते रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री द्वारा आईआईएम रोड से फैजुल्लागंज तक ₹182 करोड़ की लागत से बंधा निर्माण की मंजूरी दे दी गई है, जिसका शिलान्यास और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।

राजनाथ सिंह ने आश्वस्त करते हुए कहा, “आप लोग आश्वस्त रहिए, हमारे रहते हुए फैजुल्लागंज को बाढ़ की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। यह भाषण देने का समय नहीं, बल्कि इस कठिन समय में आपके साथ खड़े होने का समय है।”

10 हजार अतिरिक्त राशन किट और अक्षय पात्र का सहयोग

रक्षामंत्री ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 10 हजार अतिरिक्त राशन किट घर-घर पहुँचाए जाएंगे। इसके साथ ही ‘अक्षय पात्र फाउंडेशन’ से वार्ता के बाद फैजुल्लागंज के जरूरतमंदों के लिए 10 हजार राशन पैकेट और उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

“जनता की सेवा करना हमारा फर्ज, कोई एहसान नहीं”

अपने संबोधन में भावुक होते हुए रक्षामंत्री ने कहा, “आप लोगों के लिए हम जो कुछ भी कर रहे हैं, वह कोई एहसान नहीं बल्कि हमारा फर्ज है। आप हमारे संसदीय क्षेत्र के निवासी हैं और आपके प्रति अपने दायित्व को निभाना हमारा कर्तव्य है।”

प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधायक डॉ. नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, ओ.पी. श्रीवास्तव, एमएलसी पवन सिंह चौहान, रामचंद्र सिंह प्रधान, मुकेश शर्मा, महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, रक्षामंत्री के ओएसडी श्री के.पी. सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राघवेंद्र शुक्ल, तथा अक्षय पात्र फाउंडेशन/इस्कॉन के श्री श्याम किशोर दासा सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *