यूपी में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, सीएम योगी ने की समीक्षा
13 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए गांव-गांव तक पहुंचाई जाएंगी केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक में इस एक माह लंबे अभियान की विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और जनभागीदारी की कहानी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाई जाएगी। इसके अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, तीर्थस्थलों पर महायज्ञ तथा ग्राम चौपालों के जरिए सीधा संवाद भी अभियान का हिस्सा होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा और सुशासन की एक निरंतर यात्रा है। केंद्र सरकार के 12 वर्षों और राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से आम नागरिक के जीवन में आए बदलाव की प्रामाणिक तस्वीर जनता के सामने रखी जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को जिला मुख्यालयों से आगे बढ़ाकर न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाए। साथ ही, विधानसभा, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर पिछले वर्षों के विकास कार्यों और लाभार्थियों की सूची का एक स्थायी डेटा-बैंक भी तैयार किया जाए।
अभियान के सुचारू संचालन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जो प्रतिदिन की प्रगति की निगरानी करेगा। सभी जिलों में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे और पूरे अभियान की प्रदेश व जनपद स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सायं 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी, जिसमें लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। इसके साथ ही 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा, जबकि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिक 25 निर्धारित गतिविधियों में श्रमदान कर सकेंगे। विकासखंडों में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाकर पात्र व्यक्तियों को 100 प्रतिशत संतृप्ति (सैचुरेशन) के लक्ष्य के साथ योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को 10 सितंबर तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

