उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025’ के लिए 61 उत्कृष्ट शिक्षकों की सूची की जारी, 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित होंगे
प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित इन सभी शिक्षकों को सम्मान स्वरूप 25 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और दो वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया जाएगा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने ‘राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025’ के लिए चयनित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कुल 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं की अंतिम सूची जारी कर दी है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा चयनित इन सभी उत्कृष्ट शिक्षकों को आगामी 5 सितंबर को ‘शिक्षक दिवस’ के अवसर पर राज्य स्तर पर भव्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा। सम्मान स्वरूप प्रत्येक चयनित शिक्षक को 25 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र तथा दो वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया जाएगा।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों की इस सूची में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों—आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बाराबंकी, बिजनौर, बुलंदशहर, गोरखपुर, गाजीपुर, झांसी, कानपुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, वाराणसी सहित अन्य जिलों के समर्पित शिक्षक शामिल हैं। सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर और नवाचारी कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सराहना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।

