विजिट माय स्टेट अभियान: युवाओं को अपने शहर का कल्चरल एम्बेसडर बनाएगा यूपी टूरिज्म, रील्स के जरिए सामने आएंगी अनकही कहानियां

Anoop

August 31, 2026

उत्तर प्रदेश टूरिज्म ने युवाओं को अपने शहरों का कल्चरल एम्बेसडर बनाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान की शुरुआत की है

इस अभियान के तहत जेन-जी और युवा महज 60 सेकंड की रील्स के जरिए अपने शहर की अनकही कहानियों, स्थानीय संस्कृति और छिपे हुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने पेश करेंगे

लखनऊ। डिजिटल युग में युवाओं (जेन-जी) के यात्रा करने और पर्यटन स्थलों को चुनने के बदलते तरीकों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक अनोखी पहल शुरू की है। प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय विशेषताओं को वैश्विक मंच पर प्रमोट करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान का शुभारंभ किया है। इस डिजिटल अभियान के माध्यम से राज्य के युवाओं को अपने-अपने शहरों का सांस्कृतिक प्रतिनिधि (कल्चरल एम्बेसडर) बनने का अवसर दिया जा रहा है। युवा अपने शहर की अनकही कहानियों, पारंपरिक व्यंजनों, अल्पज्ञात स्थलों और लोक परंपराओं को अपनी आवाज व अंदाज में महज 60 सेकंड की रील्स के जरिए दुनिया के सामने पेश कर सकेंगे।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की वास्तविक पहचान केवल इसके प्रसिद्ध बड़े धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर जिले और गांव की अपनी एक अलग सांस्कृतिक विरासत है। इस अभियान के तहत जेन-जी सहित सभी युवाओं को अपने शहर के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में जोड़ा जा रहा है, ताकि वे पर्यटकों को अपनी नजर से अपने शहर का नया और प्रामाणिक अनुभव करा सकें। आज के समय में युवा यात्रा की योजना बनाने से पहले सोशल मीडिया रील्स और कंटेंट क्रिएटर्स के अनुभवों पर काफी भरोसा करते हैं। पर्यटन विभाग का उद्देश्य इस डिजिटल रुझान का लाभ उठाकर राज्य के पर्यटन को एक नई दिशा देना है।

अभियान में भाग लेने की प्रक्रिया को काफी सीधा और व्यावहारिक रखा गया है। इसमें शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को अधिकतम 60 सेकंड की एक रील तैयार करनी होगी, जिसमें उनका खुद कैमरे के सामने आकर अपने चेहरे और स्पष्ट आवाज के साथ बोलना अनिवार्य है। किसी भी पूर्व-निर्धारित स्क्रिप्ट के बजाय प्रतिभागी अपने शब्दों में हिंदी या अंग्रेजी भाषा में शहर की खासियत बता सकते हैं। वीडियो की शूटिंग किसी प्रमुख पर्यटन स्थल या शहर की पहचान से जुड़े खुले स्थान पर होनी चाहिए। इसके अलावा, रील के अंत में ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ बोलना अनिवार्य किया गया है, जिससे प्रदेश के कम चर्चित स्थलों को भी व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *