भातखंडे संस्कृति विवि: हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय की शैक्षणिक फीस हुई आधी, उत्तरपुस्तिकाएं 3 साल तक रहेंगी सुरक्षित

Anoop

August 29, 2026

भातखंडे संस्कृति विवि ने हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय की शैक्षणिक फीस आधी की, नया नियम अगले सत्र से लागू होगा

परीक्षा उत्तरपुस्तिकाएं अब 3 साल सुरक्षित रहेंगी, कला मंडपम का सुधार होगा और 18-40 वर्ष के युवाओं को संगतकर्ता बनने का मौका

लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालयए लखनऊ ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए आजमगढ़ स्थित हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय की शैक्षणिक फीस आधी करने का निर्णय लिया है। कुलपति प्रोफेसर मांडवी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यपरिषद की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। नया शुल्क ढांचा आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रभावी होगा। वर्तमान में इस महाविद्यालय में 70 छात्र अध्ययनरत हैं और फीस घटने से नए सत्र में दाखिलों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

बैठक में परीक्षा प्रणाली को लेकर भी एक महत्वपूर्ण फैसला किया गया, जिसके तहत अब परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाएं एक साल की बजाय तीन साल तक सुरक्षित रखी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के प्रमुख सांस्कृतिक मंच ‘कला मंडपम’ प्रेक्षागृह का जीर्णोद्धार व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा ताकि कलाकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विवि प्रशासन वसंत पंचमी के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक महोत्सव के आयोजन की तैयारी भी कर रहा है।

विश्वविद्यालय में विभिन्न संगीत गतिविधियों के लिए 18 से 40 वर्ष की आयु के पात्र अभ्यर्थियों से संगतकर्ताओं के पद हेतु आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। साथ ही, अस्थायी विषय विशेषज्ञों की नियुक्ति, लोकपाल के चयन और वित्तीय परिषद के गठन के प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी गई है। कार्यपरिषद की इस महत्वपूर्ण बैठक में पद्मश्री मालिनी अवस्थी, प्रो. उमा गर्ग, प्रो. मंजुला चतुर्वेदी, कुलसचिव एसपी सिंह सहित कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *