लखनऊ में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को राखी बांधी
रक्षाबंधन के मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के लोहिया सभागार में एक भव्य कार्यक्रम
लखनऊ। लखनऊ में रक्षाबंधन के मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के लोहिया सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। अखिलेश यादव ने भी महिलाओं को शगुन का लिफाफा भेंट कर उनके प्रति आभार जताया और त्योहार की बधाई दी।
समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोमतीनगर स्थित जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को निजी हाथों में सौंपने के फैसले पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने शुरुआती दिनों में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की तस्वीर लगाई थी, लेकिन आज वह उनकी विरासत की उपेक्षा कर रही है।
अखिलेश यादव ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बहुमंजिला इमारत जनता के गाढ़े पसीने की कमाई से बनाई गई थी और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदारों को पूरा भुगतान भी किया जा चुका था। अगर मौजूदा सरकार चाहती तो इस अधूरी इमारत का काम आसानी से पूरा कराया जा सकता था, लेकिन नियत ठीक न होने की वजह से इसे पूरा करने के बजाय निजी कंपनी को लीज पर दिया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी हमेशा जयप्रकाश नारायण की विचारधारा पर कायम रहेगी और जनता की संपत्तियों को निजी हाथों में बेचने के फैसले का पुरजोर विरोध करती रहेगी। वहीं, समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध की संभावना को देखते हुए परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

